News NAZAR Hindi News

पुलिस वाले ने फेसबुक पर बनाई प्रेमिका, रूबरू मिला तो उड़ गए होश

चेन्नै। फेसबुक पर लड़की बनकर दूसरों के ‘जज्बात’ से खेलना एक लड़के को अपनी जान पर भारी पड़ गया। उसके इश्क के चक्कर में पुलिस वाला पड़ गया। पुलिस वाले को जब पता चला कि जिससे वह ऑनलाइन प्यार जता रहा है, वह असल में लड़की ना होकर लड़का है तो उसने खौफनाक कदम उठाने की ठान ली।

साजिश रचकर उसने अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर ‘प्रेमिका’ को ठिकाने लगा दिया। पुलिस अब आरोपी कांस्टेबल की तलाश में जुटी है जबकि उसके तीनों साथी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

फेसबुक पर एस अय्यानार ने लड़की के नाम से फेक आईडी बनाई हुई थी। वह कन्नन से बहुत सॉफ्ट आवाज में बात करता था।

चेन्नै के 32 वर्षीय पुलिसकर्मी कन्नन कुमार को उससे प्यार हो गया। दोनों फेसबुक पर प्यार की पींगे बढाने लगे।

कॉन्स्टेबल कन्नन कुमार ने विरुधनगर जिले में स्थित अपने गांव जाने के लिए 10 दिनों की छुट्टी ली हुई थी। वह फेसबुक पर मिली ‘लड़की’ से मिलने गया था, जिससे उसे प्यार हो गया था। लेकिन वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि जिसे वह लड़की समझ रहा था, वह तो असली में एक पुरुष है। इससे वह बहुत निराश हो गया और आत्महत्या की कोशिश भी की।

इसके बाद उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अय्यानार की हत्या की साजिश रची। कन्नन ने अपने तीनों दोस्तों विजयकुमार, तमिलरासन और तेंजिंग के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने पड़ताल के बाद विजयकुमार, तमिलरासन और तेंजिंग को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।