News NAZAR Hindi News

बिहार की गर्भवती महिला ने नवजात बच्चे का नाम रखा सोनू सूद

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने हाल ही में एक गर्भवती महिला को बिहार के दरभंगा पहुंचाने में मदद की थी। महिला ने अपने बच्चे का नाम सोनू सूद रखा है।

सोनू सूद प्रवासी मजदूरों को न सिर्फ घर पहुंचा रहे बल्कि रास्ते में उनके खाने-पीने की व्यवस्था भी कर रहे हैं। उनकी बस लोगों को उनके दरवाजे तक छोड़कर आती है। इतना ही नहीं लोगों के पहुंचने के बाद भी सोनू उनके हालचाल ले रहे हैं। सोनू सूद ने जिस अंदाज में हर किसी की मदद की है उसे देख उनकी तारीफ हो रही है।

एक यूजर ने सोशल मीडिया पर एक महिला की कहानी साझा की है। बताया गया है कि महिला को मुंबई से दरभंगा जाना था। वो महिला उस समय गर्भवती थी। अब ऐसी परिस्थिति में सोनू सूद ने आगे आकर उस महिला की मदद की। सोनू की पहल के चलते वो महिला मुंबई से दरभंगा पहुंच गई। अब उस महिला ने अपने बच्चे का नाम ही सोनू सूद रख दिया है।

यूजर ने ट्वीट कर सोनू सूद की तारीफ की और कहा कि काम बोलता है, और उस काम की इज्जत होती है, बाद में उस इज्जत को नाम दिया जाता है। सोनू सूद ने खुद ट्विटर पर यूजर का शुक्रिया अदा किया और इसे अपना सबसे बड़ा अवॉर्ड बताया। सोनू सूद ने लिखा, मेरा सबसे बड़ा अवार्ड।