News NAZAR Hindi News

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का लम्बी बीमारी के बाद निधन

नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का सोमवार को निधन हो गया। लंबी बीमारी से जूझ रहे जगन्नाथ ने आज सुबह तकरीबन 10:30 बजे अंतिम सांस ली। 82 साल के जगन्नाथ बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री रहे थे। मिश्रा के निधन की जानकारी मिलते ही राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। इसके बाद राज्य में 3 दिन का राजकीय शोक रखा गया।

आपको जानकारी में बता दें, साल 1975 में वह पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। दूसरी बार 1980 और आखिरी बार 1989 से 1990 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद उन्हें केंद्रीय कैबिनेट में भी जगह मिली थी। उन्होंने एक प्राध्यापक के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद में बिहार विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर बने थे। उनकी राजनीति में हमेशा से काफी रूचि रही थी। उनके बड़े भाई ललित नारायण मिश्रा रेल मंत्री थे।

बता दें कि देवघर चारा घोटाला केस में लालू यादव को कोर्ट ने दोषी करार दिया और जगन्नाथ मिश्रा को बरी कर दिया था। उनके निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख जताया है। नीतीश के अलावा कई राजनैतिक दल उनके निधन पर दुःख जता रहे है।