News NAZAR Hindi News

बॉलीवुड ने की चेन्नई वासियों के लिए प्रार्थना


मुंबई। चेन्नई में मूसलाधार बारिश से प्रभावित लोगों के लिए बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों ने प्रार्थना की है।
बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने राज्य में चल रहे राहत कार्यों की प्रशंसा करते हुए ट्विटर के जरिए कहा कि चेन्नई जलमग्न हो गया सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि इतनी अधिक स्वैच्छिक मदद देखकर दिल भर आया। उन्होंने राहतकर्मियों की तारीफ करते हुए लिखा की कि वह उनके काम को सलाम करते हैं।
ऋषि कपूर ने भी ट्विटर पर चेन्नई के हेल्पलाइन नंबर डालते हुए लिखा कि चेन्नई हेल्पलाइन नंबर. कृपया इन्हें प्रसारित करें।
अभिनेत्री दीया मिर्जा ने ट्वीट किया कि बाढ़ से उबरने में चेन्नई की मदद कर रहे सभी लोगों को सलाम। यह मानवता विकास योजनाओं में दिखनी चाहिए।

अभिनेत्री रवीना टंडन का मानना है कि ऐसी आपदाओं को मेट्रो शहरों के लिए एक चेतावनी की तरह लिया जाना चाहिए।
अभिषेक बच्चन, वरूण धवन और फरहान ने भी पीडि़तों के लिए प्रार्थना की है। अभिषेक ने पोस्ट किया कि मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं चेन्नई के बाढ़ से प्रभावित लोगों के साथ हैं। फरहान ने भी कहा कि मेरी संवेदनाएं चेन्नई की बाढ़ में प्रभावित लोगों के साथ हैं।

अभिनेत्री परिणीति चौपड़ा ने भी लोगों से जरूरतमंदों की मदद की अपील करते हुए लिखा कि कुछ साल पहले मुंबई भी ऐसी ही स्थिति से गुजरी थी, यह समय किसी दूसरे की मदद का है कृपया चेन्नई की मदद करें।
अभिनेता जैकी भगनानी ने कहा कि चेन्नई मजबूत होकर खड़ा रहे, हमारी प्रार्थनाएं आपके साथ हैं और सोशल मीडिया पर सक्रिय उन लोगों का विशेष रूप से शुक्रिया जो अपने तरीके से मदद कर रहे हैं।