News NAZAR Hindi News

भाजपा को रतलाम में झटका, मणिपुर में मिली दो सीटें


नई दिल्ली। लोकसभा की दो सीटों और विधानसभा की पांच सीटों के लिए हुए उपचुनावों के नतीजे आ गए हैं। भारतीय जनता पार्टी को रतलाम लोकसभा सीट गंवानी पड़ी है। वहीं मणिपुर में पार्टी ने दो विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। लोकसभा की वरांगल सीट पर हुए उपचुनाव में टीआरएस ने बड़ी जीत दर्ज की है।
मध्यप्रदेश की रतलाम लोकसभा सीट पर कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की निर्मला दलीप सिंह भूरिया को 80 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। यह सीट भाजपा के दिलीप भूरिया के निधन से खाली हुई थी।

वहीं मध्यप्रदेश की ही देवास विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। यहां भाजपा की गायत्री राजे पवार ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जयप्रकाश शास्त्री को 30,778 वोटों से हराया है।
तेलंगाना की वरांगल लोकसभा सीट से तेलंगाना राष्ट्र समिति के दयाकर पासुनूरी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सर्वय सत्यनारायण को करीब साढ़े तीन लाख वोटों के बढ़े अंतर से हराया है।
भाजपा को मणिपुर में खुशखबरी मिली। मणिपुर की दोनों विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में पार्टी ने जीत दर्ज की है। थोंगजु से भाजपा के थोंगम विश्वजीत सिंह ने अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी बिजोय कोइजम को 3,213 वोटों से हराया है। वहीं थंगमेबंद खुममुकचाम जोयकिशन ने कांग्रेस के जोतिन वेखोम को 1,007 वोटों से हराया।
मिजोरम की आइजल नार्थ-3 सीट पर कांग्रेस के लाल थांजारा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मिजो नेश्नल फ्रंट के के. वनलालवना को 3,385 वोटों से हराया।
मेघालय की एक विधानसभा सीट नांगस्टोइन पर हिल स्टेट पियुप्ल डेमोक्रेटिक पार्टी के दिओसटारनेस जेनंडिअंग ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के गेबरेल वाहलंग को 2,764 वोटों से हराया है।