News NAZAR Hindi News

भारत में दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, जापान देगा 8 अरब डॉलर कर्ज


नई दिल्ली। भारत और जापान भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए इस सप्ताह एक समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे जिसके अन्तर्गत जापान इस 14.6 अरब अमेरिकी डॉलर परियोजना के लिए 8.1 अरब डॉलर की आर्थिक सहायता देगा। मुंबई और अहमदाबाद के बीच 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से यह बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी। इस बात की घोषणा जापानी प्रधानमंत्री शिंजो की भारत यात्रा के दौरान की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे एक संयुक्त वक्तव्य जारी करेंगे जिसमें इस बात का ख़ुलासा होगा। जापानी प्रधानमंत्री इस सप्ताह भारत यात्रा पर आएंगे।

सूत्रों ने कहा कि आबे भारत को 8.1अरब डॉलर के सरकारी विकास उधार का प्रस्ताव देंगे। दोनों देश वित्तपोषण शर्तों पर चर्चा कर रहे हैं जिसके अंतर्गत जापान अगले दशक में प्रति वर्ष लगभग 100 अरब येन का भुगतान करेगा। जापानी प्रधानमंत्री के विशेष सलाहकार हिरोतो इजूमि और जापानी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने आज अपनी भारत यात्रा समाप्त की।
भारत दूसरा देश होगा जिसके साथ जापान का बुलेट ट्रेन के लिए इस प्रकार का समझौता करेगा। ताईवान पहला देश है जिसके साथ जापान ने 2007 में इस प्रकार का समझौता किया था। जापान की अंतर-राष्ट्रीय सहयोग समिति और भारत के रेल मंत्रालय ने दो वर्ष पहले मुंबई और अहमदाबाद के बीच एक तीव्र गति वाली ट्रेन पर एक संयुक्त व्यवहार्यता अध्ययन किया था। यह ट्रेन दोनों राज्यों के बीच यात्रा का समय 8 घंटों से 2 घंटों तक लाएगी।