News NAZAR Hindi News

महाराष्ट्र में धमाका : भाजपा-राकांपा ने बनाई सरकार

मुुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के बाद एक महीने तक चले राजनीतिक गतिरोध के बाद अचानक एक बड़े सियासी उलटफेर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ गठजोड़ करके आनन फानन में सरकार बना ली। कल रात तक शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा मिलकर सरकार बनाने की तैयारी में थे और सीएम के लिए उद्धव ठाकरे का नाम भी फाइनल कर लिया था लेकिन दिन उगते-उगते राकांपा बीजेपी के साथ हो गई।

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सुबह करीब साढ़े सात बजे देवेन्द्र फड़नवीस को मुख्यमंत्री और राकांपा के अजीत पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल कोश्यारी पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन हटाने की अनुशंसा की।

राष्ट्रपति शासन हटने के बाद आज राज्यपाल ने राजभवन में भाजपा के देवेन्द्र फड़नवीस को मुख्यमंत्री और राकांपा के अजीत पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर भाजपा और राकांपा दोनों पार्टियों का कोई भी बड़ा नेता उपस्थित नहीं था।

शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फड़नवीस और अजीत पवार को ट्वीट पर बधाई दी। फड़नवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री का मौका देने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गृहमंत्री अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया।

महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव 21 अक्टूबर को हुए थे और परिणाम 24 अक्टूबर को आए थे। 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को सर्वाधिक 105, शिवसेना को 56, राकांपा को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें हासिल हुईं थीं।

भाजपा एवं शिवसेना तथा कांग्रेस एवं राकांपा गठबंधन के रूप में चुनावी मैदान में उतरे थे। भाजपा एवं शिवसेना के गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलने के बावजूद सरकार का गठन नहीं हो पाया। शिवसेना ने मुख्यमंत्री पद पर दावा कर दिया था जिसे भाजपा ने स्वीकार नहीं किया। कई दिनों तक गतिरोध कायम रहने के कारण राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की सिफारिश पर 12 नवंबर को राष्ट्रपति शासन लगाया गया था।

केन्द्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने देवेन्द्र फडनवीस और अजीत पवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी है।

शाह ने ट्वीट कर कहा कि देवेन्द्र फडनवीस को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और अजीत पवार को उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि यह सरकार महाराष्ट्र के विकास और कल्याण के प्रति निरंतर कटिबद्ध रहेगी और राज्य में प्रगति के नये मापदंड स्थापित करेगी।

शरद को पता है भाजपा है ज्यादा विश्वसनीय : सुशील

बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनने पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार को नीतीश कुमार की तरह पता है कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस से ज्यादा विश्वसनीय है।

भाजपा के वरिष्ठ नेेता मोदी ने फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र में सरकार बनने पर ट्विटर पर ट्वीट कर कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरह शरद पवार को भी पता है कि भाजपा कांग्रेस से ज्यादा विश्वसनीय है। शिवसेना, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की तरह है। शिवसेना या राजद जैसी पार्टियां, जिसमें ऐसे लोग भरे पड़े हैं जिनके साथ मिलकर काम करना कठिन है। मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि अब शिवसेना के चाणक्य संजय रावत के ट्वीट का इंतजार है।