News NAZAR Hindi News

महिला की स्कूटी ब्रिज की रेलिंग से टकराई, दो बेटों की मौत

 

अमृतसर। अपने दो बेटों को लेकर अस्पताल जा रही महिला की स्कूटी ब्रिज की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में दोनों बेटों की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

गांव चक्क शरीफ निवासी सैनिक मंगल सिंह की पत्नी परमजीत कौर अपने बेटे बलविंदर सिंह और गुरनूर सिंह के साथ स्कूटी पर मुकेरियां में दवाई लेने के लिए जा रही थी। इस दौरान जब वह धनोया पत्तन पर पहुंची तो स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में 3 वर्षीय गुरनूर सिंह की मौके पर मौत हो गई जबकि 17 वर्षीय बलविंदर सिंह और उक्त महिला गंभीर घायल हो गए।

इसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया मगर अमृतसर के एक प्राइवेट अस्पताल में बलविंदर सिंह ने भी दम तोड़ दिया। सरपंच रूप सिंह व अमनदीप सिंह ने बताया कि मृतक बच्चों का पिता मंगल सिंह सैनिक है जो कि ड्यूटी पर गया हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।