News NAZAR Hindi News

मानहानि मामले में सीएम गोगोई कोर्ट में हुए हाजिर


गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई आज सोमवार को एक मानहानि के मामले में राजधानी के कचहरी स्थित सिविल कोर्ट में हाजिर हुए। असम प्रदेश कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री ने इस कानूनी लड़ाई को पूरी तरह से राजनीतिक रंग देने के लिए जमकर तामझाम की व्यवस्था की।
भाजपा नेता व पूर्व मंत्री डा. हिमंत विश्वशर्मा द्वारा दायर एक हजार करोड़ रुपए के मानहानि के मामले में मुख्यमंत्री ने आज कामरूप (मेट्रो) सिविल कोर्ट में हाजिर होकर स्वयं ही अपनी पैरवी की। उन्होंने न्यायाधीश से आगामी 3 माह बाद की अगली तारिख मांगी, लेकिन न्यायाधीश ने सुनवाई की अगली तारीख 8 फरवरी तय की।
मुख्यमंत्री ने अदालत में हाजिर होने से पहले लताशील खेल मैदान से अपने कैबिनेट व कांग्रेस पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ सिविल कोर्ट तक पैदल चलकर पहुंचे। उन्होंने इसके जरिए राज्यवासियों के बीच सहानुभूति लेने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने यह दिखाने की कोशिश की कि भाजपा ने जानबूझकर उन्हें फंसाने की कोशिश की है।