News NAZAR Hindi News

मुंबई-अहमदाबाद के बीच दौड़ेगी बुलेट ट्रेन


भारत-जापान के प्रधानमंत्रियों ने किया करार
नई दिल्ली। भारत में पहली बुलेट ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद के बीच दौड़ेगी। भारत और जापान के बीच बहुप्रतीक्षित बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर शनिवार को करार हो गया। दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पीएम नरेंद्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने इस डील पर हस्ताक्षर किए। जापान के साथ 503 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद रूट पर बुलेट ट्रेन चलाने के लिए करार किया गया है। यह बुलेट ट्रेन 7 साल में दौड़ेगी।

98 हजार करोड़ की इस डील पर करार के बाद दिए गए साझा बयान में पीएम मोदी ने कहा कि यह समझौता भारतीय रेलवे में क्रांति लेकर आएगा। जापान ने भारत में अगले पांच सालों में 35 अरब डॉलर यानी करीब 234500 करोड़ रुपए का निवेश करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच अन्य महत्वपूर्ण करार भी हुए हैं।

जापान की एजेंसी जीका के मुताबिक मुंबई-अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन चलाने के लिए 98 हजार करोड़ रुपए की जरूरत है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच में परमाणु बिजली समझौता भी हुआ है।