News NAZAR Hindi News

मोदी का सूट गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल, राजनीति गरमाई


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिखा मोनोग्राम सूट गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया है। इसे नीलामी में बिके सबसे महंगे सूट का दर्जा दिया गया है। मोदी ने यह सूट अमेरिकी प्रेसिडेंट बराक ओबामा की भारत विजिट के दौरान पहना था। तब कांग्रेसियों ने इसे दस लाख रुपए का सूट बताकर मामला खूब उछाला था। बाद में इस सूट को सूरत के लालजीभाई तुलसीबाई पटेल ने नीलामी में 4.31 करोड़ में खरीदा था।


यह है खासियत
इस सूट पर पीएम का पूरा नाम नरेंद्र दामोदरदास मोदी लिखा हुआ है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने शनिवार को सबसे महंगे बिके सूट का सर्टिफिकेट जारी किया। यह सूट देश-विदेश के मीडिया में काफी चर्चा में रहा था। सोशल मीडिया पर लोगों ने मोदी की तारीफ की थी। वहीं, विरोधियों ने मोदी पर जमकर निशाना साधा था।
ऐसा कहा गया कि इस सूट का कपड़ा इटली से मंगाया गया था। मोदी से पहले हुस्नी मुबारक इस तरह का सूट पहन चुके थे।
विवाद के बाद मोदी ने चैरिटी के लिए इस सूट को नीलाम कर दिया था। लोगों ने इसकी कीमत अलग-अलग बताई थी। हॉलेंड एंड शैरी ने बताया था कि इस तरह के मोनोग्राम वाले सूट की कीमत 14 लाख रुपए आती है। वहीं, कुछ फैशन डिजाइनर ने इसकी कीमत 10 लाख के आसपास बताई थी।
इसकी नीलामी 20 फरवरी 2015 को हुई। इसे खरीदने के लिए 47 लोगों ने बोली लगाई थी। इनमें सूरत के रहने वाले लालजीभाई तुलसीबाई पटेल ने 4 करोड़ 31 लाख 31 हजार 311 रुपए की बोली लगाकर सूट खरीद लिया। सूट की बेस प्राइस 11 लाख रुपए थी।