News NAZAR Hindi News

मौसम फिर हुआ तूफानी, शीतलहर ने छुड़ाई धूजणी

नई दिल्ली। हिमाचल में बर्फबारी के चलते एक बार फिर उत्तर भारत में मौसम ने करवट बदली है। दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदा-बांदी शुरू हो गई है। इसने उत्तर भारत में फिर से ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार देश के कुछ हिस्सों में तूफान, बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

राजधानी में सोमवार सुबह कोहरा छाया रहने के कारण कई गाड़ियों के आगमन में विलंब हुआ। सुबह न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आद्र्रता 95 प्रतिशत रही। राजधानी में वायु की गुणवत्ता बहुत खराब दर्ज की गई लेकिन रविवार के मुकाबले इसमें कुछ सुधार देखा गया है। आज सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 360 दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस मौसम के औसत से सात डिग्री अधिक रहा।

 

24 जनवरी तक बारिश का मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार, हवा की गति एवं दिशा में बदलाव होने के कारण कोहरा भी परेशान कर सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी पांच से सात डिग्री तक की गिरावट आएगी।