News NAZAR Hindi News

राहुल की पदयात्रा में उमड़ी भीड़

शिवसागर। असम के शिवसागर जिले में आज मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने छह किमी लंबी पदयात्रा आरंभ की। कांग्रेस राज्य में इस वर्ष आयोजित होने वाले विधानसभा सभा चुनावों में फिर से जीत दर्ज कर राज्य में लगातार चौथी बार कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए जनसभाओं, पदयात्रा के साथ ही अन्य कई तरह के कार्यक्रमों को शुरू किया है।

इस पदयात्रा में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। ज्ञात हो कि राहुल गांधी दो दिवसीय असम दौरे पर बीते कल दिल्ली से जोरहाट जिले के रोरैया हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। बीते कल कई कांग्रेसी सभाओं में भाग लेने के बाद शिवसागर जिला शहर में रात्रि विश्राम क्या था। आज सुबह सांसद गांधी स्थानीय बुद्धिजीवियों के साथ एक बैठक में हिस्सा लिया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष आज अपने दूसरे कार्यक्रम के तहत शिवसागर जिला शहर के रंग घर से दरबार खेल मैदान तक छह किमी लंबी पदयात्रा की। पदयात्रा में शिवसागर के अलावे असपास के अन्य जिलों से काफी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर कांग्रेस के केंद्रीय व स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के साथ ही असम सरकार के मंत्री व विधायकों ने हिस्सा लिया।

असम दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी बीते कल से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा पर देश को तोड़ने का आरोप लगाते हुए हमला आरंभ किया था, जो आज भी जारी है। पदयात्रा से पूर्व आज सुबह मीडिया के साथ बाचतीच करते हुए उन्होंने कहा कि आरएसएस व भाजपा देश पर अपनी सोच थोपना चाहती है, जो ठीक नहीं है। यह देश एक गुलदस्ते के समान है। इसमें पूरे देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति व सोच समाहित है। हम आरएसएस व भाजपा की सोच को पूरे देश पर जबरदस्ती थोपने नहीं देंगे। ज्ञात हो कि पदयात्रा की समाप्ति के बाद दरबार खेल मैदान में कांग्रेस की एक जनसभा का आयोजन किया गया है।