News NAZAR Hindi News

राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना, रूट रहेगा गुप्त

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए शुक्रवार को रवाना हो गए। गांधी करीब 14 दिन तक इस यात्रा पर रहेंगे।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाल ने बताया कि भगवान भोले शंकर के अनन्य भक्त राहुल गांधी राष्ट्र के नवनिर्माण, देश और देशवासियों की खुशहाली तथा समृद्धि की कामना के साथ भगवान कैलाशपति के दर्शन और उनका आशीर्वाद लेने के लिए कैलाश मानसरोवर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गांधी ने कर्नाटक जाते समय पिछले दिनों यह संकल्प उस समय लिया था जब उनका विमान भीषण दुर्घटना से बाल-बाल बच गया था। इस संकट के टलने के बाद उन्होंने भगवान भोले शंकर को याद करते हुए उन्होंने संकल्प लिया था कि वह बाबा भोले के दर्शन के लिए कैलाश मानसरोवर जाएंगे।

यह पूछने पर कि गांधी किस मार्ग से होकर कैलाशपति के दर्शन के लिए जाएंगे और कितने दिन की उनकी यात्रा होगी, उन्होंने कहा कि वह किस मार्ग से दर्शन के लिए जाएंगे इस बारे में सुरक्षा कारणों से विस्तृत जानकारी नहीं दी जा सकती लेकिन गांधी 12 से 14 दिन तक इस यात्रा पर रहेंगे।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से इस यात्रा में बाधक नहीं बनने का आग्रह किया और कहा कि यात्रा पर जाने वाले के प्रति आदर और श्रद्धा के भाव की परंपरा है और भाजपा को उसका निर्वहन करना चाहिए।