News NAZAR Hindi News

लव मैरिज करने वाले सनकी पति ने गोली मारकर की पत्नी की हत्या

पानीपत। हरियाणा के पानीपत में नौ महीने पहले लव मैरिज करने वाले सनकी पति ने मामूली अनबन के चलते सोमवार को गोली मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आसपास के लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-29 पार्ट में उत्तर प्रदेश के शामली निवासी विजय ने करीब नौ महीने पहले मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर जिला के गांव परतापुर निवासी मुस्कान से लव मैरिज की थी। उसके बाद से ही दोनों साथ रह रहे थे। मगर कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों की अनबन हो गई। इस पर मुस्कान अपने मायके लौट आई। यह विजय को काफी नागवार गुजरा।

 

कई दिन पहले उसने मुस्कान को धमकी दी कि अगर वह जल्द ही नहीं लौटी तो वह उसे मारकर खुद भी मर जाऊंगा। आज दोपहर वह उसे मिलने पास ही अपनी सुसराल वालों के घर पहुंचा और मुस्कान को अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगा।

इसी बीच उसकी साली रूखसार छत पर कपड़े सुखाने चली गई। विजय ने मौका पाकर नजदीक जाकर देसी कट्टे से मुस्कान के सिर में गोली मार दी। इस पर मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई।

गोली की आवाज सुनकर मकान मालिक मनीष उनके कमरे में आया तो विजय ने उसे देसी कट्टा व एक कारतूस देते हुए उसे गोली मारने की बात कही। मगर मनीष ने ऐसा करने से इंकार कर दिया।

इसी बीच आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए और विजय को दबोच लिया। सूूचना पाकर सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।