News NAZAR Hindi News

लेगिंग पहनने पर विमान में चढ़ने से रोका

 

डेनवर (अमेरिका)। लेगिंग पहन कर विमान में चढ़ने से दो लड़कियों को कथित तौर पर रोकने पर अमेरिकी युनाइटेड एयरलाइंस की सर्वत्र निंदा हो रही है। यह जानकारी सोमवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।

बीबीसी के अनुसार, खास तौर पर सोशल मीडिया में इस घटना की तीखी आलोचना हो रही है।

एक सामाजिक कार्यकर्ता शेनन वाट्स के मुताबिक, यह घटना रविवार सुबह डेनवर हवाई अड्डे पर मिनियापोलिस के लिए उड़ान भरने वाले विमान में हुई।

मॉम्स डिमांड एक्शन फॉर गन रिफॉर्म्स ग्रुप की संस्थापक शेनन ने डेनवर एयरपोर्ट पर विमान में दाखिल होते वक़्त पांच लड़कियों के साथ जो कुछ हुआ ट्विटर पर उसकी जानकारी दी है।

उन्होंने कहा कि तीन लड़कियों को अपनी ड्रेस के ऊपर दूसरे कपड़े पहनने के बाद यात्रा की इजाज़त दे दी गई, जबकि दो लड़कियों को विमान में घुसने से रोक दिया गया।

शेनन ने ट्विटर पर जानकारी दी कि युनाइटेड के कर्मचारी लड़कियों को कपड़े बदलने या फिर लेगिंग पर कपड़े पहनने के लिए ‘दबाब’ बना रहे थे।

इन लड़कियों में से एक की उम्र 10 साल थी। उधर, वहीं यूनाइटेड ने बताया कि ये लड़कियां एक ऐसे टिकट पर यात्रा कर रही थीं जिसके लिए ड्रेस कोड निर्धारित था।

कंपनी ने ट्विटर पर जानकारी दी कि लड़कियां ‘यूनाइटेड एयरलाइंस पास के जरिए यात्रा’ कर रही थीं। ऐसे टिकट कंपनी के कर्मचारियों या फिर उनके उपयुक्त आश्रितों के लिए होते हैं।