News NAZAR Hindi News

लोकसभा चुनाव परिणाम : भाजपा ने पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतीं

नई दिल्ली। 17वीं लोकसभा के चुनाव की मतगणना के रुझानों में मोदी लहर साफ तौर पर नजर आ रही है और भारतीय जनता पार्टी पिछली बार से अधिक सीटें लाकर अपने दम पर सरकार बनाने की ओर बढ रही है। कांग्रेस उससे काफी पीछे है लेकिन उसकी सीटों में वर्ष 2014 की तुलना में मामूली बढोतरी दिखाई दे रही है।

लोकसभा चुनाव का पहला परिणाम भाजपा के पक्ष में गया है। उसके उम्मीदवार अर्जुन राम मेघवाल राजस्थान की बीकानेर सीट से जीत गए हैं। इसी तरह अजमेर से भागीरथ चौधरी ने कांग्रेस के रिजु झुनझुनवाला को लाख से अधिक मतों से हराया।

बाकी 541 सीटों के रूझानों में चुनाव आयोग के अनुसार भारतीय जनता पार्टी 292 सीटों पर आगे चल रही है जबकि उसके नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन 346 सीटों पर बढत बनाये हुए है। कांग्रेस 52 सीटों पर आगे है और उसकी अगुवाई वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन को 91 सीटों पर बढत मिली हुई है।

तृणमूल कांग्रेस 23, वाईएसआर कांग्रेस 23 तथा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) 22 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। भाजपा की सहयोगी शिवसेना 19 सीटों पर, जनता दल यूनाइटेड 15 तथा लोक जनशक्ति पार्टी छह सीटों पर आगे है।

उत्तर प्रदेश में महागठबंधन में शामिल बहुजन समाज पार्टी 12 और समाजवादी पार्टी छह सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। राज्य में भाजपा 58 सीटों पर एवं अपना दल एक सीट पर आगे है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी सीट पर लगभग 2 लाख 20 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी सीट पर केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से करीब ढाई हजार मतों से पीछे चल रहे हैं, लेकिन वायनाड से 8 लाख मतों से आगे हैं। संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी रायबरेली सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से करीब 52 हजार मतों से आगे हैं।