News NAZAR Hindi News

लड़का समझकर जिसे पीट रहे थे, वह लड़की निकली, iam girl कह बचाई जान

नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक खिलाड़ी छात्रा के साथ बुरी बीती। मामूली कहासुनी के बाद कुछ लड़कों ने उसे लड़का समझकर पीट दिया। लड़की ने iam girl कहकर जैसे तैसे जान बचाई। मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने उन लड़कों के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।

 

मारपीट की शिकार हुई छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र में किराए पर रहती है।
शुक्रवार रात करीब 2 बजे वह अपने 5 दोस्तों के साथ फिल्म देखकर कैब से लौटी थी। भूख लगने पर वह अपने साथी छात्र के साथ खाने के लिए रुक गई। इस दौरान उसने कैप लगा रखी थी।

तभी वहां बाइक पर एक लड़का आया। उनकी उससे मामूली बात पर बहस हो गई। बाइक सवार ने छात्रा की कैप उतारकर फेंक दी। इस पर उसने विरोध जताते हुए युवक को धक्का दे दिया। इसके बाद लड़के ने कुछ दूर खड़े अपने दोस्तों को बुला लिया। वे आते ही छात्रा पर टूट पड़े।

मारपीट के दौरान लड़की चिल्लाई – iam girl… iam girl…। जैसे ही सच सामने आया तो लड़के कार में बैठकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों का सुराग मिल गया है। पुलिस अब उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।