News NAZAR Hindi News

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने शहीद हेमन्त करकरे पर लगाए संगीन आरोप


भोपाल। मालेगांव ब्लास्ट मामले की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने जमानत पर छूटने के साथ ही कांग्रेस और एटीएस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही मुंबई हमले में शहीद तत्कालीन एटीएस चीफ हेमंत करकरे पर भी सनसनीखेज आरोप लगाकर सभी को चौंका दिया।

 


भोपाल में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में साध्वी प्रज्ञा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उन्हें पूरी तरह से खत्म करने का षडयंत्र रचा था। साध्वी ने एटीएस पर उन्हें गंभीर रूप से प्रताडित करने का आरोप भी लगाया है।


उन्होंने कहा कि एटीएस उन्हें 10 अक्टूबर 2008 को सूरत से मुंबई लेकर गई थी। उन्हें वहां 13 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और पुरुष एटीएस कर्मियों ने उन्हें खूब प्रताड़ना दी। इस वजह से अब वह बीमार हैं और अब अपना इलाज कराएंगी।

 

साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि वह मानसिक और शारीरिक तौर पर टूट चुकी हैं लेकिन आत्मबल की वजह से लड़ रही हैं।
भगवा आतंकवाद की कहानी कांग्रेस ने रची थी। सच्चाई यह थी कि मालेगांव ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल वह बेच चुकी थी।

अजमेर दरगाह ब्लास्ट के बारे में साध्वी ने कहा कि दो लोगों को दोषी मानकर सजा दी गई है. लेकिन अदालत ईश्वर नहीं है। उन्होंने अजमेर ब्लास्ट मामले में खुद को बेकसूर बताया।