News NAZAR Hindi News

11वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की मौत

सोनीपत। हरियाणा में सोनीपत के गांव राठधना के पास एक प्रसिद्ध कंपनी की निर्माणाधीन इमारत की 11वीं मंजिल पर काम कर रहे दो मजदूरों की इमारत से गिरने के कारण मौत हो गई।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि मध्यप्रदेश के पीपर खेरियां का रहने वाला मुन्ना (40) और झारखवा का रहने वाला कर्म सिंह (45) अपने साथियों के साथ राठधना के पास सी कैंट बिल्डर कंपनी में मजदूर का काम करते थे। दोनों शुक्रवार रात लाइट की रोशनी में 11वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। अन्य मजदूर भी अपने काम में लगे थे।

इसी दौरान अचानक मुन्ना का पैर फिसल गया और वह नीचे गिरने लगा। पास ही काम कर रहे कर्म सिंह ने जब उसे गिरते देखा तो उसे बचाने का प्रयास किया जिससे वह भी नियंत्रण खो बैठा और वह भी नीचे गिर गया। हादसे में दोनों मजदूरों की मौत हो गई।

अन्य मजदूरों ने मामले की जानकारी तुरंत ठेकेदार को दी जिसने पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर शनिवार सुबह पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।