News NAZAR Hindi News

180 दलित परिवारों ने योगी राज में छोड़ा हिन्दू धर्म !

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में 180 परिवारों के हिन्दू धर्म छोडऩे का दावा किया है। इस खबर से हिन्दूवादी संगठनों में खलबली मची है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि उपद्रव के आरोपियों ने मुकदमे से बचने के लिए यह फंडा अपनाया है। वे हिन्दू धर्म छोडऩे की धमकी देकर शासन को ब्लैकमेल कर रहे हैं।


क्षेत्र के गांव रुपड़ी, कपूरपुर, ईघरी, उनाली और बाढ़ी माजरा के दलित परिवारों के कई लोग गुरुवार को मानकमऊ पर स्थित बड़ी नहर के छठ पूजा घाट पर पहुंचे। यहां उन्होंने शासन और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए देवी-देवताओं के चित्रों और प्रतिमाओं का विसर्जन करते हुए हिन्दू धर्म छोड़कर बौद्ध धर्म अपनाने का ऐलान किया। जैसे ही यह खबर फैली तो सरकार में खलबली मच गई।

विरोध का तरीका

दलित समाज के लोगों ने बड़ी नहर किनारे सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि दलित समाज का उत्पीडऩ हो रहा है। भीम आर्मी को जान बूझकर दबाया जा रहा है। इसके विरोध स्वरूप वे हिन्दू धर्म छोड़ रहे हैं।


सहारनपुर हिंसा से जुड़े तार

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सहारनपुर में हुर्ई हिंसा के मामले में भीम आर्मी और दलित समाज के लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दलित समाज पर अत्याचार हो रहा है। इससे उनमें रोष है और 180 परिवारों ने विरोध स्वरूप हिन्दू धर्म छोड़ दिया है क्योंकि हमें हिन्दू माना ही नहीं जाता है।

केवल दबाव का फंडा

इस पूरे प्रकरण पर एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे ने सफाई दी कि सहारनपुर हिंसा के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लेने का दवाब बनाने के लिए हिन्दू धर्म त्याग का प्रचार किया जा रहा है। इनमें कई लोगों के खिलाफ पथराव और आगजनी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके दबाव में नहीं आएगी। कानून अपना काम करेगा।

बौद्ध धर्म अपनाएंगे

हिन्दू धर्म छोडऩे का ऐलान करने वाले इन परिवारों में से कुछ ने बताया अब वे बौद्ध धर्म ग्रहण करेंगे। मालूम हो कि इससे पहले भी देश में कई जगह दलित वर्ग के लोगों ने बौद्ध धर्म अपनाया है।

यह भी पढ़ें

मुस्लिम महिला ने दी धमकी-हिन्दू धर्म अपना लूंगी
goo.gl/swFs0M

संतानों का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश से तनाव
goo.gl/IU57CJ