News NAZAR Hindi News

AAP से एक और विधायक ने ली विदा, केजरीवाल को भेजा इस्तीफा

फरीदकोट। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुआई वाली आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई में बिखराव का सिलसिला जारी है। लोकसभा चुनावों से पहले अब आप के एक और विधायक बलदेव सिंह ने पार्टी से इस्‍तीफा दे दिया है।

बलदेव सिंह पंजाब के जैतो से विधायक हैं। कुछ दिन पहले पंजाब से ही विधायक सुखपाल खैरा ने भी आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

बलदेव सिंह ने अपना इस्तीफा ई-मेल के जरिए पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को भेजा है। बलदेव सिंह ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी ने अपने मौलिक विचारों और सिद्धांतों को पूरी तरह छोड़ दिया, जिसके चलते मुझे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ रहा है। मुझे पार्टी छोड़ने का दुख है।’ उन्होंने केजरीवाल पर दलित कार्ड इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया है।

गौरतलब है कि 2018 में पंजाब में ऐसा बिखराव शुरू हुआ कि यह बिखरती ही चली गई। पार्टी के सशक्त प्रवक्ता सुखपाल खैहरा को उस समय पार्टी से अलग कर दिया गया, जब आम चुनाव नजदीक है। पार्टी में संकट तब खड़ा हुआ जब सुखपाल खैहरा को विधायक दल के नेता के पद से हटा दिया गया।

इस प्रकरण के बाद सुखपाल खैहरा ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नवंबर 2018 में खैहरा के साथ अन्य विधायक कंवर संधू को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निलंबित कर दिया गया। पिछले दिनों खैहरा ने आम आदमी पार्टी को अलविदा कह कर “पंजाबी एकता पार्टी” का गठन कर लिया। आप का बिलकुल बिखराव हो चुका है। खैहरा के साथ 6 विधायक बताए जाते हैं।