News NAZAR Hindi News

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने किया मंत्रिमंडल का विस्तार, छह नए चेहरे शामिल

जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को तीसरी बार अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया है। इस बार छह नए चेहरों को शामिल किया गया है। वहीं दो मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाया गया है। अब राजे मंत्रिमंडल में कुल 29 मंत्री हो गए हैं। इसके अलावा पांच संसदीय सचिव भी है।

राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार डॉ. जसवंत सिंह यादव बहरोड़, श्रीचंद कृपलानी निम्बाहेड़ा को कैबिनेट और सुशील कटारा चोरासी, धन सिंह रावत बांसवाड़ा, बंशीधर बाजिया खंडेला और कमसा मेघवाल भोपालगढ़ को राज्यमंत्री बनाया गया है।

राज्यमंत्री बाबूलाल वर्मा और सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक का ओहदा बढ़ाते हुए इन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। राज्य मंत्री रहे जीतमल खांट और अर्जुन लाल गर्ग को मंत्रिमंडल से हटाया गया है।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने 13 दिसम्बर 2013 को शपथ लेने के सात दिन बाद 20 दिसम्बर को मंत्रिमण्डल गठन किया गया। इसमें नौ कैबिनेट और तीन राज्य मंत्रियों को मिलाकर 12 मंत्रियों को शामिल किया था।

इसके बाद 27 अक्टूबर 2014 को मंत्रिमण्डल फेरबदल किया गया। चार कैबिनेट और 11 राज्यमंत्री बनाए गए। इस फेरबदल में सांसद बन चुके सांवरलाल जाट को मंत्रिमण्डल से बाहर किया गया। पहले फेरबदल के दूसरे ही दिन मुख्यमंत्री ने फिर से एक छोटा बदलाव किया। दो राज्यमंत्रियों को कैबिनेट मंत्री बनाया था।