News NAZAR Hindi News

आसाराम बोले, ये अंधा कानून है…!


जोधपुर। अपने ही गुरुकुल की नाबालिग छात्रा के साथ यौन शोषण के आरोप में करीब ढाई साल से ज्यादा समय से जोधपुर जेल में बंद आसाराम ने अब न्यायिक व्यवस्था पर कटाक्ष किया है। आसाराम को अब कानून भी अंधा नजर आने लगा है। जोधपुर में जेल से लाकर कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान लम्बे अरसे बाद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए आसाराम ने कहा कि अब कानून हो गया है अंधा। एक लड़की के चक्कर में लाखों लोग परेशान हो रहे है।
तबीयत खराब होने के कारण कई दिनों से आसाराम को व्हील चेयर पर बैठाकर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस कारण आसाराम किसी सवाल का जवाब भी नहीं दे रहे लेकिन आज उसने अपनी चुप्पी तोड़ी। न्यायिक व्यवस्था पर बरसते हुए आसाराम ने कहा कि कानून अंधा हो गया है। एक लड़की के कारण मेरे लाखों समर्थक परेशान हो रहे है। आसाराम ने कहा कि जेल के अंदर उनकी बीमारियों की संख्या बढ़ती जा रही है। जेल में लगे जैमर पर दोष मंढ़ते हुए आसाराम ने कहा कि इस कारण उनकी बीमारियों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि डाक्टरों ने पहले उनकी चार बीमारियों के बारे में बताया। अब इनकी संख्या बढ़कर छह हो गई है। पता नहीं और कितनी बीमारियां जेल में रहने के दौरान लगेगी।
समर्थकों को खदेड़ा
आसाराम की झलक पाने के लिए आज भी कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में आसाराम के समर्थक पहुंचे। आसाराम का जेल से वाहन पहुंचने पर ये समर्थक उसकी और लपके लेकिन सुरक्षा व पुलिस कर्मियों ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें दूर कर दिया। वे वापस झुंड बनाकर वहां आए तो पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड दिया।