News NAZAR Hindi News

इज्जत के लुटेरे ने भरी मांग, बनाया जीवन संगिनी

 

अजमेर। दोस्ती के विश्वास में हाड़ी रानी बटालियन की एक पुलिसकर्मी अपना सब कुछ गंवा चुकी। जिसे अपना हमदर्द समझा, उसी ने दगा दे दिया। मामला अदालत पहुंचा और आरोपी को जेल भेज दिया गया। किस्मत और हालात ने फिर पलटी मारी। उसकी इज्जत का लुटेरा ही उसके माथे का सिंदूर बन गया। 

 

यह दिलचस्प वाकया शुक्रवार को अजमेर की सेशन कोर्ट में स्थित शिव मंदिर में नजर आया जब बलात्कार के आरोपी ने पीड़िता से ब्याह रचा लिया। दोनों के घर वालों के साथ ही कई वकीलों ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया।

हुआ यूं कि सेशन कोर्ट में बलात्कार का एक मामला विचाराधीन है। इसमें पीड़िता ने ब्यावर निवासी युवक पर आरोप लगाया कि उसने दोस्ती की आड़ में उसका बलात्कार किया। शादी का झांसा देकर देह शोषण किया। अंतरंग फोटो खींचकर ब्लैकमेल भी करने लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।

आरोपी की मां ने लौटाया सम्मान

बेटे पर बलात्कार जैसे संगीन इल्जाम ने आरोपी की मां को भीतर तक हिलाकर रख दिया। उसे लगा जैसे भगवान उससे एक मां… एक औरत होने का हक मांग रहा है। उसने मन ही मन ठान लिया कि अगर उसका बेटा वाकई गुनहगार है और उसने लड़की का सर्वस्व लूटा है तो उसे ही लौटाना होगा, उसे लड़की से शादी करनी पड़ेगी।

आरोपी की मां ने अपनी इच्छा और साहसिक निर्णय से लड़की के परिजन और वकीलों को अवगत कराया। पहले तो लड़की के परिजन इसके लिए कतई राजी नहीं हुए। लेकिन फिर लड़की के भविष्य को देखते हुए उन्होंने रजामंदी दे दी।

 

कोर्ट ने भी दिखाई सहानुभूति

आरोपी के वकील ने अदालत को आरोपी की मंशा से अवगत कराते हुए जमानत देने की गुहार लगाई कि अब दोनों शादी करने जा रहे हैं। उनका घर बस जाएगा। अदालत ने आरोपी की जमानत मंजूर कर ली।

बाहर आते ही खाए फेरे

शुक्रवार को जेल से छूटते ही आरोपी और पीड़िता के परिजन आदि कोर्ट परिसर स्थित शिव मंदिर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों की मौजूदगी में आरोपी ने पीड़िता की मांग भरी और उसे जीवन संगिनी के रूप में अपना लिया। मौके पर कई वकील व दूसरे लोग भी जमा हो गए। सभी ने उन्हें आशीर्वाद दिया। इसके बाद दोनों ने नगर निगम में अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी। इस शादी के खासे चर्चे हैं।