News NAZAR Hindi News

उसे मरना था, इसलिए कंबल में पत्थर बांध कुएं में कूद गया


उदयपुर। जिले के सायरा थाना क्षेत्र में परिवार में अनबन के बाद एक वृद्ध ने कंबल में वजनी पत्थर बांधकर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सामल फलां चावड़ावास निवासी चेनसिंह (60) सुबह बैलों को बांधने के लिए खेत पर गया था। खेत पर बैलों को बांधकर पुन: अपने कुएं पर गया और कंबल को कमर से बांधकर उसमें एक बड़ा सा पत्थर बांधकर कुएं में कूद गया। डूबने से इसकी मौत हो गई।

कुएं की ओर जाते समय उसे भतीजे ने देख लिया था। काफी देर तक नहीं आने पर भतीजे ने कुएं पर जाकर देखा तो कुएं के बाहर इसकी चप्पल पड़ी थी। इस पर मृतक के पुत्र लहरसिंह को बताया।

लहरसिंह गांव के कुछ लोगों के साथ कुएं पर आया और कुएं में बलाई डालकर तलाशा तो कंबल का एक हिस्सा बाहर आया। इस पर थाने को सूचना दी और इसके साथ ही इंजन लगाकर पानी खाली करना शुरू कर दिया।

सूचना पर थाने से पुलिसकर्मी पहुंचे। कुएं का पानी खाली होने पर वृद्ध का शव नजर आया। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम करवा परिजन के सुपुर्द कर दिया।

पूछताछ में किसी तरह का विवाद सामने नहीं आया है। पुलिस के अनुसार वृद्ध के गांव में ही तीन मकान हैं और पांच पुत्रियों और एक पुत्र का परिवार है। आर्थिक रूप से भी वह तंग नहीं है। हालांकि यह बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पूर्व परिवार में अनबन हुई थी। आत्महत्या का कारण इसे ही बताया जा रहा है।