News NAZAR Hindi News

कोरोना का खौफ : विधानसभा में कई मंत्रियों ने नहीं मिलाए हाथ

जयपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस के प्रति राज्य सरकार के कई मंत्री सजग एवं सतर्क नजर आये और उन्होंने शुक्रवार विधानसभा में हाथ नहीं मिलाया और हाथ जोड़कर एक दूसरे का अभिवादन किया।

विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए सदन में पहुंचे पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने वन मंत्री सुखराम विश्नोई से मिलते समय अपना हाथ बढाया लेकिन विश्नोई ने कहा कि हाथ मत मिलाओं, उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि नमस्कार करो। इस पर सिंह ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

इसी तरह सिंह ने कृषि मंत्री लाल चंद कटारिया एवं अन्य मंत्रियों से हाथ जोड़कर नमस्कार किया। इसी तरह कटारिया, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री डा रघु शर्मा ने भी हाथ जोड़कर एक दूसरे का अभिवादन किया। इसी तरह शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली तथा अन्य मंत्री भी हाथ जोड़कर एक दूसरे का अभिवादन करते दिखे।

इसी तरह प्रतिपक्ष उपनेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी डा रघु शर्मा तथा अन्य मंत्रियों से हाथ जोड़कर उनसे नमस्कार किया। सदन की कार्यवाही शुरु होने से पहले अन्य कई सदस्य भी हाथ जोड़कर एक दूसरे का अभिवादन करते नजर आए।