News NAZAR Hindi News

जोधपुर जेल में कैदी बैठे भूख हड़ताल पर

जोधपुर। देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जोधपुर सेंट्रल जेल बुधवार को भी सुर्खियों में रही। जेल में आए दिन होने वाली मारपीट की घटनाओं और अवैध वसूली के खिलाफ कुछ कैदियों ने बुधवार को भूख हड़ताल शुरू कर दी।

इन कैदियों ने आज सुबह नाश्ता नहीं किया। कैदियों की पूर्ण सुरक्षा की मांग है। मंगलवार को ही वसूली को लेकर कुछ कैदियों ने एक कैदी पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। बीच बचाव करने आया एक अन्य कैदी भी घायल हो गया था।
जेल सूत्रों के अनुसार आज सुबह कुछ कैदी भूख हड़ताल पर बैठ गए। इन्होंने सुबह दिए जाने वाले नाश्ते का बहिष्कार कर दिया। जेल प्रहरियों व अन्य अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। बताया गया है कि इन कैदियों की जेल में सुरक्षा देने की मांग की है। कैदियों का कहना है कि यहां हफ्ता नहीं देने पर मारपीट की जाती है। दोपहर तक उनकी भूख हड़ताल जारी थी।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार सुबह तीन बंदियों ने एक बंदी पर हमला कर दिया था। बीच-बचाव में आए एक अन्य बंदी ने दूसरे से मारपीट कर दी। आपसी झगड़े व चाकूबाजी में घायल दो बंदियों का जेल डिस्पेंसरी में उपचार करवाया गया। घटना के बाद जेल की तलाशी में एक बैटरी, ईयर फोन व तार का टुकड़ा मिला था। झगड़े का कारण अवैध वसूली बताया जा रहा है।
साख बचाने में जुटा जेल प्रशासन
जेल प्रशासन अब अपनी साख बचाने में जुट गया है। जेल प्रशासन आज भी इस मामले में पल्ला झाडऩे में लगा रहा। उसने आज भी इस घटना की पुष्टि नहीं की। जेल प्रशासन मंगलवार को भी कैदियों के झगड़े की बात को नकारता रहा और घायल कैदियों का इलाज जेल डिस्पेंसरी में ही करवाया था।