News NAZAR Hindi News

देलवाड़ा में ठेकेदार व नौकर की हत्या


सिरोही। पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में अज्ञात हत्यारों ने सोमवार रात एक ठेकेदार व उसके नौकर की हत्या कर दी। माउंट आबू के प्रमुख दर्शनीय स्थल देलवाड़ा में हुई इस घटना से शहर में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के जलगांव क्षेत्र निवासी सिविल इंजीनियर हेमंत पाटिल ठेकेदारी का कार्य करता था। वह देलवाड़ा क्षेत्र स्थित एक मकान में रहता था। मकान में रेवा नामक उनका नौकर भी रहता था। ठेकेदार पाटिल का शव उसके कमरे में मिला जबकि नौकर रेवा का शव उसी परिसर में बने उसके कमरे में मिला। दोनों की हत्या का पता सुबह चला।
इस सम्बन्ध में पता चलने पर वहां लोगों व पर्यटकों की भीड़ लग गई। इस बीच माउंट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेरणा शेखावत भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। हत्या कब, किसने और क्यों की, यह अभी पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल पर पुलिस अधिकारी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहे हैं।