News NAZAR Hindi News

नाहरगढ़ किले की दीवार पर युवक का शव लटका मिला

 

जयपुर। यहां ऐतिहासिक नाहरगढ़ किले की दीवार पर युवक का शव लटका मिलने से शुक्रवार को सनसनी फैल गई। आसपास के पत्थरों पर फ़िल्म पद्मावती के विरोध सम्बन्धी वाक्य लिखे मिलने से रहस्य गहरा गया है।

एक जगह तांत्रिक चेतन भी लिखा मिला बताया गया। जबकि मृतक का नाम भी चेतन है। तांत्रिक चेतन राघव का जिक्र पद्मावती की कहानी में है। मलिक मोहम्मद जायसी के काव्य पद्मावती के अनुसार तांत्रिक चेतन राघव ने ही अलाउद्दीन खिलजी को पद्मावती के रूप की तारीफ कर चित्तौड़ पर चढ़ाई के लिए उकसाया था।

 

मृतक का नाम जयपुर निवासी चेतन सैनी है। वह दो दिन से घर से लापता था। उसकी जेब में मुम्बई के दो टिकट भी मिले हैं। पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से शव उतरवाया। शुरूआती जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। वैसे आत्महत्या से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।

नाहरगढ़ किले की शिलाओं की पर कोयले से लिखा है- ‘हम सिर्फ पुतले ही नहीं लटकाते, लोग पद्मावती का विरोध कर रहे हैं, हम खुद को खत्म कर रहे हैं’।

पुलिस इन दोनों घटनाओं को जोड़कर युवक की मौत की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।

यह भी हो सकता है कि पत्थरों पर पद्मावती सम्बन्धी वाक्य पुलिस को गुमराह करने के लिए लिखे गए हों।
बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।