News NAZAR Hindi News

फिल्मी स्टाइल में टकराए कई वाहन, पौन किलोमीटर लंबा जाम


अजमेर। शहर के गौरव पथ पर शुक्रवार शाम बदहाल यातायात व्यवस्था की पोल खुल गई। जी मॉल के बाहर कार व स्कूटर की टक्कर के बाद फिल्मी सीन बन गया। एक के बाद एक करके तीन वाहन और टकरा गए। भीड़ और दुर्घटना के कारण जाम लग गया। वाहनों की टक्कर में तीन जने घायल भी हुए।

दरअसल गौरव पथ पर बना जी मॉल खुद गौरव पथ के लिए ही सबसे बड़ी समस्या बन गया है। शुक्रवार शाम मॉल में से निकल रहे वाहन और भीतर घुस रही भीड़ के कारण मुख्य रोड पर यातायात बाधित हो गया।

इसी बीच एक कार व स्कूटर की टक्कर हो गई। उनके चक्कर में ही अन्य स्कूटर और मोटरसाइकिल सवार भी टकरा गए। शाम का अंधेरा होने और वाहनों की हैडलाइटों की चकाचौंध के लिए जाम में फंसे वाहनों का जहरीला धुंआ वातावरण में छा गया।

वाहनों की टक्कर से करीब पौन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोग काफी परेशान रहे। बाद में पुलिस पहुंची और जैसे-तैसे जाम खुलवाया। घायलों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

गौरतलब है कि रोजाना गौरव पथ पर दिन में कई बाद ऐसे हालात बनते हैं। खासकर शाम को और छुट्टी वाले दिन ज्यादा भीड़भाड़ के कारण दुर्घटनाएं घटित होती रहती हैं।