News NAZAR Hindi News

बीजेपी नगरपालिका अध्यक्ष खुशबू राजपुरोहित के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित

 

सिरोही। सिरोही जिले की पिण्डवाड़ा नगर पालिका में सत्तासीन बीजेपी को गुरुवार को करारा झटका लगा। बीजेपी पालिकाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया।

जिला कलेक्टर की ओर से पिंडवाड़ा उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में पिण्डवाड़ा नगर पालिका बोर्ड के 20 में से 16 पार्षदों ने वर्तमान पालिकाध्यक्ष के खिलाफ मत डाला। वहीं 4 पार्षदों ने पालिकाध्यकक्ष के समर्थन में मत डाला।

राजस्थान नगर पालिका अधिनियम के तहत अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद नगर पालिकाध्यक्ष खुशबू राजपुरोहित को पद से हटा दिया गया।

पिण्डवाड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष खुशबू राजपुरोहित की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा के पार्षदों में लंबे समय से असन्तोष व्याप्त था।

लम्बे अरसे से उनकी कार्यप्रणाली में कथित रूप से सुधार नही होने से आखिर भाजपा के 10 पार्षदों समेत कुल 15 पार्षदों ने पिछले महीने जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत होकर नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेने के लिए बैठक आयोजित करने को पत्र दिया। इसमें से 10 पार्षद भाजपा के थे।