News NAZAR Hindi News

राजस्थान में अब 30 सार्वजनिक अवकाश होंगे, फुले जयंती पर भी सरकारी छुट्टी घोषित

जयपुर। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हैट्रिक पर हैट्रिक लगा रहे हैं। अब उन्होंने माली सैनी समाज और दलितों को साधने के लिए 11 अप्रेल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
इसी के साथ राज्य में सार्वजनिक अवकाशों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। ऐच्छिक अवकाश की तादाद 20 हो गई है।
मालूम हो कि युग प्रवर्तक महात्मा फुले छुआछूत के प्रबल विरोधी रहे। उन्होंने सामाजिक चेतना जगाने के साथ ही सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उनकी धर्मपत्नी सावित्री बाई फुले ने महिला शिक्षा की राह प्रशस्त की। महात्मा फुले माली सैनी समाज के पूजनीय युगपुरुष हैं और मुख्यमंत्री गहलोत खुद भी इसी समाज से आते हैं।
पिछले दिनों उन्होंने 28 जनवरी को भगवान देवनारायण जयंती पर भी सार्वजनिक अवकाश घोषित कर गुर्जर समाज को अपने पक्ष में किया। उनका गुर्जर समाज से आने वाले सचिन पायलट से सीधा पॉलिटिकल वॉर चल रहा है।
इसी तरह पुरानी पेंशन योजना लागू कर गहलोत सरकारी कर्मचारियों के दिलों में जगह बना चुके हैं। चुनाव आते-आते राज्य में और भी कई बड़ी घोषणाओं की उम्मीद है।

जारी रहेगी परीक्षा

11 अप्रेल को आठवीं बोर्ड की परीक्षा है। सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के बावजूद मंगलवार को परीक्षा यथावत होगी।