News NAZAR Hindi News

रोड शो ने बिगाड़ा शहर का रोड ट्रैफिक, जगह-जगह जाम, अस्पताल भी पैक


अजमेर। साहब अस्पताल जाना है, मरीज भर्ती है, जाने दो…, प्लीज, भर्ती मरीज के पास जाना है…। नहीं कोई नहीं जा सकता, साहब का आदेश है, ये रास्ता बंद है। ​इसी तरह गुहार करते लोगों को शनिवार सुबह से सावित्री चौराहा, वैशाली स्थित चौपाटी चौराहे पर देखा गया। जवाहर लाल नेहर अस्पताल की ओर जाने वाले इन दोनों प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने सुबह करीब 11 बजे से बेरिकेड्स लगाकर रास्ता रोक दिया।

न किसी जरतमंद की गुहार सुनी जा रही थी न ही स्कूल से लौट कर रास्ते में अटके बच्चों की पुलिस को कोई फिक्र हो रही थी। दुपहिया और अन्य वाहन चालकों के साथ पुलिस बेदर्दी से पेश आ रही थी। पुलिस वालों का कहना था कि शहर में ट्रेफिक न बढे इसलिए ​​किसी को भी आगे न जाने देने के आदेश है। आखिर ये आदेश कौन दे रहा है यह वे बताने को तैयार न थे।
कोई आगे बढने की कोशिश करता तो पुलिस डंडे के जोर पर उसे रोक देती। सावित्री चौराहे पर तो तैनात पुलिस के सिपाही डंडे बरसाकर दुपहिया वाहन चालकों को खदेडने में लगे थे।
अजमेर संसदीय सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में आज प्रचार का आखिरी दिन है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट एवं राजबबर शहर में रोड शो कर रहे हैं।

देखें वीडियो

ऐसे में पुलिस के हाथ पांव फूले हुए हैं। राजनीतिक पाटियों पर पुलिस का जोर चल नहीं रहा। ऐसे में वह जनता को ही कंट्रोल कर अपनी ड्यूटी की इतिश्री करने में लगी है। जगह जगह जाम लग रहे हैं। रोड शो के रूट को पार्टी की झंडियों-गुब्बारों से सजाया गया है। जगह जगह डीजे लगाकर कार्यकर्ता डांस कर रहे हैं।

गाड़ियों पर सवार कार्यकर्ता इधर से उधर चक्कर लगा रहे हैं। इन सबके बीच वह पब्लिक परेशान हो रही है जो अपने वोट से इनकी हार-जीत तय करेगी।