News NAZAR Hindi News

धनोप माता शक्तिपीठ की चमत्कारिक सिद्घि


भीलवाड़ा।  जनआस्था का केंद्र धनोप माता शक्तिपीठ अपनी चमत्कारिक सिद्घि के कारण क्षेत्र में ख्याति प्राप्त कर चुका है। पौराणिक मान्यता के अनुसार धनोप माता व भैरवनाथ का मंदिर राजा धुंध ने बनवाया था।  धनोप माता राजा धुंध की कुल देवी थी।

हजारों भक्तों ने दी हाजिरी

जिले के प्रसिद्ध धनोप शक्तिपीठ, घाटाराणी सहित अन्य देवीय स्थलों पर दुर्गाष्टमी मेले में हजारों भक्तों ने माता के दरबार पहुंच कर हाजिरी दी। शक्तिपीठों पर विशेष आरती के दर्शन के लिए भक्तजन का रात्रि से ही पहुंचना प्रारंभ हो गया था।

धनोप मातेश्वरी के दर्शन करने के लिए भक्तजन कतारबद्घ होकर खड़े थे। विभिन्न रास्तों से हजारों की तादाद में आने वाले पैदल यात्रियों का भी मंगलवार रात्रि से ही धनोप पहुंचने के लिए प्रारंभ हुआ सिलसिला बुधवार सुबह तक जारी रहा।

इससे पूर्व रात्रि को धनोप मंदिर प्रन्यास ट्रस्ट के तत्वाधान में भजन संध्या का कार्यक्रम हुआ। इसमें कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय कर दिया।

धनोप माता मंदिर पहुंचने वाले भक्तों को भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। शक्तिपीठ पर सुरक्षा के मध्यनजर पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।