News NAZAR Hindi News

राहुल चले 7 किमी पैदल, मांगे कांग्रेस के लिए वोट


असम विधानसभा चुनाव प्रचार का आगाज
बरपेटा। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने दो दिवसीय असम दौरे में शनिवार दोपहर बाद निचले असम के बरपेटा जिला शहर से मेधीटारी तक 7 किमी लंबी पदयात्रा कर असम विधानसभा चुनाव 2016 के प्रचार का औपचारिक बिगुल बजा दिया।
राहुल के साथ कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता चल रहे थे। इनमें असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अंजन दत्त, मुख्यमंत्री के पुत्र व सांसद गौरव गोगोई, असम सरकार के मंत्री रकिबुल हुसैन, विधायक नीलमणि सेनडेका, अमरिंदर सिंह राजा, सीपी जोशी आदि शामिल थे।
इस पदयात्रा का नाम ‘सांप्रदायिक सद्भाव यात्रा’ रखा गया है। राहुल आज गुवाहाटी से हेलीकाप्टर से बरपेटा पहुंचे। यहां से उन्होंने पदयात्रा आरंभ की। उनके साथ काफी संख्या में कार्यकर्ता साथ-साथ चले।


उल्लेखनीय कि इस पदयात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी के साथ ही असम सरकार ने कोई भी कोर-कसर नहीं छोड़ी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इस मौके पर आयोजित सभा को राहुल गांधी ने संबोधित किया। वहीं अपने संबोधन में मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर व्यंग्य वाण छोड़े। असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भी भाजपा को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा
पदयात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों का भारी-भरकम लवाजमा लगाया गया। वहीं लंबे समय से सरकारी उपेक्षा का शिकार सड़कों का भी राहुल गांधी के आगमन के चलते काया-कल्प हो गया। लोगों को राहुल गांधी के आगमन से कई उम्मीदें थीं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी।