Breaking News
Home / breaking / गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग

पणजी। सौम्य एवं सादगी के मिसाल गोवा के मुख्यमंत्री मनाेहर पर्रिकर को अंतिम विदाई देने यहां देशभर से लोग उमड़ने लगे हैं। उनका शव यहां पार्टी मुख्यालय पर लोगों के अंतिम दर्शनार्थ रखा जाएगा। आज शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पर्रिकर का रविवार को निधन हो गया। चार बार मुख्यमंत्री रहे पर्रिकर 63 वर्ष के थे। वह पिछले एक साल से कैंसर से जंग लड़ रहे थे। रक्षा मंत्री रहे पर्रिकर के निधन से देश में शोक की लहर दौड़ गई है। केन्द्र ने सोमवार को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री की पिछले कुछ दिनों से हालत गंभीर हो गई थी। उनका आज शाम पणजी के समीप डोना पाैला स्थित उनके निजी आवास पर निधन हो गया। पिछले साल फरवरी में उनके अग्नाशय कैंसर की चपेट में आने का पता चला था। अमरीका, गोवा, मुंबई और दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका इलाज चला लेकिन उनकी हालत बिगड़ती गई।

वह कैंसर के अंतिम चरण से जूझ रहे थे। उन्होंने बेहद बहादुरी से बीमारी के खिलाफ जंग लड़ी और अंतिम दम तक जनता की सेवा की। वह नाक में ड्रिप लगाए भी दफ्तर जाते थे और बैठकों में हिस्सा लेते थे।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वित्त मंत्री अरुण जेटली, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण अडवाणी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं मंत्रिमंडल के सदस्यों तथा कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पर्रिकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

 

पर्रिकर वर्ष 2000 से 2005 और 2012 से 2014 की अवधि में गोवा के मुख्यमंत्री रहे। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के पूर्व सदस्य रहे पर्रिकर ने ही 2013 में गोवा में भाजपा के संसदीय चुनाव सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा था।

वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनी। पर्रिकर मोदी की अगुवाई वाली राजग सरकार में 2014 से 2017 तक रक्षा मंत्री रहे। गोवा की राजनीति के बदलते घटनाक्रमों के बीच 13 मार्च 2017 को उन्होंने पुन: गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

वर्ष 2001 में पर्रिकर की पत्नी मेधा का देहान्त भी कैंसर से ही हुआ था। उनके दो पुत्र उत्पल और अभिजीत हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनके निधन की जानकारी देते हुए ट्वीट किया। कोविंद ने शोक संदेश में कहा कि मनोहर पर्रिकर के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ। सार्वजनिक जीवन में उनके समर्पण, लगन और गोवा के मुख्यमंत्री तथा देश के रक्षा मंत्री के रूप में उनकी सेवाओं को देश हमेशा याद रखेगा।

केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट किया कि बहुत दुख की बात है कि मनोहर पर्रिकर अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने कैंसर का बहादुरी से मुकाबला किया और अपनी अंतिम सांस तक लोगों के लिए काम करते रहे। वह सार्वजनिक जीवन में आर्दशवाद के प्रतीक थे।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मेरे प्रिय मित्र और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर जी के निधन से बेहद दुखी हूं। वह अपनी ईमानदारी, निष्ठा और सादगी के लिए जाने जाते हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने साहस के साथ अपनी बीमारी से जंग लड़ी। उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडु ने कहा कि पूर्व रक्षा मंत्री और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन से दुखी हूं। मेरी संवेदना उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि भगवान उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करे तथा दुख की इस घड़ी में परिवार को हिम्मत दे।

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा कि मनोहर पर्रिकर ने स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन से बेहद दुखी हूं। राजनीति के विरोधी दल के नेता भी उनका बेहद सम्मान करते थे। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवदेना। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

नेशनल कांफ्रेंस नेता एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मनोहर पर्रिकर साहब के परिजनों के प्रति मेरी संवेदना। उनके इस तरह जाने से एक खालीपन आ गया है जिसका भर पाना मुश्किल है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मनोहर पर्रिकर जी के निधन की खबर से दुख पहुंचा। वह एक सच्चे लड़ाकू थे जिन्होंने कैंसर से जंग लड़ी और लोगों की भलाई के लिए लगातार कार्य करते रहे। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदना।

राष्ट्रवादी कांग्रेस प्रमुख शरद पवार ने कहा कि मनोहर पर्रिकर जी के निधन की खबर से आहत हूं। हमने एक असाधारण और सरल आचरण वाले नेता को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदना।

Check Also

9 लाख की सोने की चेन लेकर ग्राहक चंपत, ज्वैलर्स के उड़े होश

कुचामनसिटी. शहर के घाटी कुआं बाजार से ज्वैलर की दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवक …