Breaking News
Home / breaking / सेवादल के राष्ट्रीय अधिवेशन में राहुल बोले, RSS नफरत फैलाने वाला संगठन

सेवादल के राष्ट्रीय अधिवेशन में राहुल बोले, RSS नफरत फैलाने वाला संगठन

अजमेर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज देश में विचारधारा की लड़ाई है।

गांधी ने आज राजस्थान के अजमेर में कायड़ विश्राम स्थली पर ‘सत्याग्रह छावनी’ पांडाल में कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय महाअधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ आरएसएस और भाजपा नफरत फैलाते हैं, वे हाफ पेंट पहनकर लाठी उठाते हैं, दूसरी ओर कांग्रेस की विचारधारा है जो नफरत और प्यार से देश को जोड़ने का काम करती है। दोनों में यही फर्क है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंती नरेंद्र मोदी बड़े बड़े भाषण देते हैं। लाल किले से कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका मतलब है कि गांधीजी, सरदार पटेल, नेहरूजी अम्बेडकर जी ने कुछ नहीं किया। मोदी आए और मानो उन्होंने ही हिन्दुस्तान में काम शुरू किया हो। उन्होंने कहा कि यही इनकी सोच है। जब यह ऐसा कहते हैं तो वह कांग्रेस का ही अपमान नहीं है बल्कि देश के किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों सहित देश के हर नागरिक का अपमान हैं।

उन्होंने कहा कि जो देश में होता है वह देश का किसान करता है, मजदूर करता है, युवा करता है, महिलाएं करती हैं। कांग्रेस के लिए हिंदुस्तान समंंदर की तरह है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए हिंदुस्तान ‘उत्पाद’ की तरह है जो गरीब किसान का पैसा लेकर देश के चुनिंदा पंद्रह बीस उद्योगपतियों को देने का काम करते है। हम चाहते हैं कि किसान, गरीब, मजदूर एवं आम जनता को न्याय मिले, उनका उन्हें हक मिले लेकिन मोदी गरीबों का सारा पैसा अंबानी, मेहुल चोकसी जैसे लोगों की जेब में डाल देते हैं।

गांधी ने कहा कि संसद में मोदी ने मेरे खिलाफ, मेरे परिवार के खिलाफ, कांग्रेस के खिलाफ जमकर जहर उगला लेकिन मैने भरी संसद में उनसे गले मिलकर यह सिद्ध कर दिया कि नफरत को नफरत नहीं काट सकती, नफरत को प्यार से ही काटा जा सकता है और यह मैनें एक सेकंड में जब कर दिखाया तो स्वयं मोदी हक्के बक्के रह गए। उन्होंने नफरत फैलाने वाले ऐसे लोगों को आने वाले चुनाव में सबक सिखाने की भी अपील की।

सेवादल कार्यकर्ताओं से मांगी माफी

इससे पहले राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के नाते सेवादल के कार्यकर्ताओं से माफी मांगी और कहा कि कांग्रेस परिवार में जो आदर आपको मिलना चाहिए था वह नहीं मिला। उन्होंने बिहार के एक मुख्य संगठन की इस शिकायत पर कि बिहार में कांग्रेस की बड़ी बैठक में उन्होंने कांग्रेस के सभी अग्रिम संगठनों का नाम लिया, लेकिन सेवादल को नजरअंदाज कर दिया गया, पर व्यक्तिगत तौर पर माफी मांगते हुए कहा कि भविष्य में ऐसा नहीं होगा। सेवादल कांग्रेस के लिए आदर एवं सम्मान का संगठन है। यह कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी है और कांग्रेस के लिए सबसे जरुरी एवं महत्वपूर्ण संगठन है।

लेकिन इसके साथ ही उन्होंने सेवादल के कार्यकर्ताओं से शिकायत भी की कि उन्हें जनता के साथ मिलकर जो लड़ाई लड़नी चाहिए थी उस प्रकार की भूमिका उन्होंने अदा नहीं की। गांधी ने कहा कि सेवादल को अब एक नई शुरुआत करनी है। उन्हें मजबूत संगठन बनकर दिखाना है। देश के लाखों युवाओं को जोड़ना है और आरएसएस के खिलाफ पूरे दम के साथ उनकी नफरत वाली विचारधाराओं को प्यार से मिटाना है। वे जहां आग लगाए उसे प्यार से बुझाना है। राहुल गांधी ने सेवादल का आह्वान किया कि देश में कहीं भी आंधी, तूफान, संकट आए सेवादल कार्यकर्ता को सबसे पहले जनता के बीच पहुंचकर उनका हमदर्द बनना है। उन्होंने कहा कि सेवादल कांग्रेस का अहम हिस्सा है, वह देश में हर जगह सेवादल को देखना चाहते हैं। श्री गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सेवादल की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

अंतिम विजय सत्य की होगी : गहलोत

इससे पूर्व अधिवेशन को संबोधित करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश के सामने कई चुनौतियां है। जो भी हालात हैं उन्हें स्वीकार करके सेवादल को अपनी भागीदारी निभानी होगी। सेवादल प्रतिबद्धता, निष्ठा, सेवाभाव वाली पुरानी संस्था है और वह कभी जिम्मेवारी से पीछे नहीं हटे, जबकि संघ देश में घृणा, अविश्वास, नफरत, संवेदनहीनता के माहौल को पनपाकर धर्म जाति के नाम पर लड़ाकर भाजपा को सत्ता में बनाए रखना चाहती है, लेकिन अंतिम विजय सत्य की होगी।

गहलोत ने विश्वास व्यक्त किया कि सत्य राहुल गांधी के साथ है। उन्होंने कहा कि राफेल मामले पर प्रधानमंत्री मोदी से जवाब देते नहीं बन रहा है। कांग्रेस मोदी से जो भी सवाल करती है उसे वे टाल जाते हैं, जवाब से बचते फिरते हैं। सेवादल को सच्चे संदेश को लेकर गांव गांव जाना है। राज्य सरकार की योजनाओं एवं जनकल्याण के कार्यों को उन तक पहुंचाना है।

गहलोत ने मनरेगा योजना को विश्व की सबसे महत्वपूर्ण योजना बताते हुए कहा कि ऐसी योजना विश्व में कहीं नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी के संदेश देश के प्रत्येक व्यक्ति को न्यूनतम आमदनी एवं आय के मर्म को समझने की जरूरत पर भी जोर देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने यह बीड़ा उठाया है और इसे अंजाम तक पहुंचाने का काम सेवादल के कार्यकर्ताओं को करना है। उन्होंने कहा कि आज देश में कांग्रेस की जरुरत है।

आगामी चुनाव में सेवादल की महत्वपूर्ण भूमिका : पायलट

महाअधिवेशन में उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि देश को तोड़ने वाले फिर से सत्ता हासिल न कर पाएं इसके लिए आने वाले चुनाव में सेवादल को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है और अगले पांच साल की देश की तकदीर तय करना है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है।

राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ विधानसभा जीत का संदेश इस बात की ओर इशारा है कि लोकसभा 2019 में भारतीय जनता पार्टी का पूरी तरह सफाया करके दिल्ली में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि झूठ फरेब का समय अब समाप्त हो गया है। नागपुर वालों को जवाब देने के लिए हमारे सफेद सैनिक मौजूद हैं। उन्होंने टकराव, नफरत की राजनीति करने वालों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का भी आह्वान किया।

सेवादल देश की शांति सेना : लालजी भाई देसाई

महाअधिवेशन के समापन सत्र में स्वागत भाषण करते हुए सेवादल के राष्ट्रीय मुख्य संगठक लालजी देसाई ने कहा कि सेवादल देश की शांति सेना है। हम नए भारत की सोच को लेकर मिशन तिरंगा का आगाज कर रहे हैं। हमारी लड़ाई वैचारिक लड़ाई है और काली टोपी वालों के खिलाफ है जो कि देश में नफरत, वैमनस्य, जातिवाद का माहौल पैदा करके भय का वातावरण बना कर रहे हैं।

प्रदर्शनी, परेड और भी बहुत कुछ

कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने कायड़ विश्राम स्थली पहुंचकर सेवादल के इतिहास का बखान करने वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही परेड का निरीक्षण कर सलामी भी ली। अधिवेशन मे खास बात यह रही कि परेड की कप्तानी करने वाले सेवादल के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय तिरंगे ध्वज के साथ साथ चरखे के चिन्ह वाला भी ध्वज धारण कर रखा था।

इससे पहले राहुल गांधी के सभा स्थल पहुंचने पर कांग्रेसजनों ने राफेल विमान के मॉडल वाले गुब्बारे उड़ाए। महाधिवेशन में गांधी ने सेवादल द्वारा तैयार की गई वेबसाईट का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, सहसचिव विवेक बंसल, निजामुद्दीन, प्रदेश सेवादल मुख्य संगठक एवं विधायक राकेश पारीख, गहलोत मंत्रीमंडल के सदस्य बीडी कल्ला, प्रताप सिंह खाचरियावास, डॉ. रघु शर्मा, रघुवीर मीणा, ममता भूपेश सहित अनेकों विधायक, संगठन के प्रदेश स्तरीय नेता मौजूद रहे।

Check Also

9 लाख की सोने की चेन लेकर ग्राहक चंपत, ज्वैलर्स के उड़े होश

कुचामनसिटी. शहर के घाटी कुआं बाजार से ज्वैलर की दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवक …