Breaking News
Home / breaking / मध्य प्रदेश में भारी बारिश, नदी-नाले उफान पर, दीवार गिरने से महिला की मौत

मध्य प्रदेश में भारी बारिश, नदी-नाले उफान पर, दीवार गिरने से महिला की मौत

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में विशेषकर पश्चिमी जिलों में भारी बारिश होने से निचले इलाकों में जल जमाव हो गया तथा सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। यहां छोटी नदियां और नाले उफान पर हैं। शनिवार को धार जिले में दीवार गिरने से 70 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई जबकि 2 साल का एक बालक उफनते नाले में बह गया।दूसरी ओर बिहार में बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं और राज्य में 83.62 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश हुई तथा अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस बना रहा। मौसम विभाग ने कहा कि 27 अगस्त को यहां गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हुई, हिमाचल प्रदेश में मंगलवार और बुधवार के लिए ‘यलो’ चेतावनी जारी की गई है।पंजाब और हरियाणा में बारिश नहीं हुई तथा ज्यादातर स्थानों पर तापमान सामान्य के नजदीक बना रहा।
मध्यप्रदेश के भोपाल और आसपास के क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ आ गई और शहर के कई निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति बन गई है। आपदा मोचन दलों ने भोपाल जिले में बाढ़ में फंसे लगभग 85 लोगों को और लगभग दो दर्जन मवेशियों को बचाया है।
 धार जिले के राजस्व अधिकारी अजय सिंह गौड़ ने बताया कि धापू बाई डामोर नामक महिला की लीलाखेड़ी इलाके में उसके घर की दीवार गिरने से मौत हो गई जबकि दो साल का एक लड़का एक नाले में बह गया। बालक की तलाश की जा रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल केन्द्र ने अपने ताजा बुलेटिन में अलर्ट जारी कर मूसलधार बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी कर राज्य के खरगोन, अलीराजपुर, झाबुआ, धार और रतलाम जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है।

विभाग ने इन्दौर व उज्जैन सहित नौ जिलों में आरेंट अलर्ट जारी कर तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी प्रकार मौसम केन्द्र ने भोपाल, होशंगाबाद सहित नौ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी कर अधिक वर्षा की चेतावनी दी है।

भोपाल का विश्व प्रसिद्ध बड़ा तालाब पूरा भरने के करीब पहुंच गया और इसके बाद इस पर बने बांध के दरवाज़ों को शनिवार की सुबह पानी के निकासी के लिए खोल दिया गया। वहीं बिहार में बाढ़ से स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 16 जिलों में 83 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग के बुलेटिन में बताया गया कि विभिन्न हिस्से में 70,000 और लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बुलेटिन में कहा गया कि शुक्रवार से 11 और पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया जिससे अब तक 130 प्रखंडों में 1333 पंचायत बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में दरभंगा में 11 लोगों की मौत हुई है। मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार और सारण, सिवान तथा खगड़िया में दो-दो लोगों की मौत हुई है ।
राज्य में बाढ़ से सबसे ज्यादा दरभंगा प्रभावित हुआ है। यहां बाढ़ से 20.82 लाख लोग प्रभावित हैं जबकि मुजफ्फरपुर में 19.69 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। जल संसाधन विभाग ने कहा है कि गंगा नदी तीन स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

Check Also

गैंगरेप के बाद बच्ची को भट्टी में जिंदा जलाने वालों को फांसी की सजा

भीलवाड़ा। राजस्थान के शाहपुरा जिले के कोटड़ी में बहुचर्चित नाबालिग के साथ दुष्कर्म एवं उसकी कोयले …