Breaking News
Home / breaking / वृद्धा के साथ रेप के बाद हत्या के मामले में दामाद अरेस्ट

वृद्धा के साथ रेप के बाद हत्या के मामले में दामाद अरेस्ट

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में उसी के दामाद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम अम्बाडोचर में 65 वर्षीय वृद्धा की हत्या और दुष्कर्म के आरोप में उसके दामाद सोडल खरते (45) निवासी अंबाडोचर को कल रात्रि गिरफ्तार कर लिया गया है। सोडल को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

सोडल और उसकी पत्नी के बीच दो जनवरी को विवाद हुआ था, जिसके चलते पत्नी अपने पुत्र के साथ उसे बिना बताए अपने भाई के घर चले गई थी। सोडल को लगा कि उसकी पत्नी दो किलोमीटर दूर उसके मायके चली गई है।

वह शराब पीने के बाद उसी रात सास सुरमी बाई के घर पहुंचा और उसने वृद्धा से अपनी पत्नी और पुत्र के आने के बारे में पूछताछ की थी। वृद्धा ने उनके नहीं आने की जानकारी देने पर बात बढ़ गई और उसने वृद्धा के साथ मारपीट कर उसके साथ दुष्कर्म किया।

वृद्धा के बेहोश हो जाने पर सोडल उसे घसीटते हुए करीब सौ मीटर दूर ले गया और गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने वृद्धा की साड़ी खोल कर उसी से उसे बिजली के खम्बे से बांध दिया था। वृद्धा सुनसान पहाड़ी पर अकेले रहती थी और उसके चार पुत्र उससे अलग रहते थे। अगले दिन घटना के बारे में पता चलने पर वृद्धा के एक पुत्र ने पुलिस को सूचना दी थी।

वृद्धा के अंतिम संस्कार के दौरान सोडल के नहीं आने पर पुलिस को उस पर शक गया था। पूछताछ किए जाने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने कहा कि वह पत्नी और बच्चे के चले जाने के चलते नाराज था।

Check Also

26 अप्रैल शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

  वैशाख मास, कृष्ण पक्ष, द्वितीया तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, …