Breaking News
Home / breaking / मोदी बोले- वसुंधरा राजे का स्वागत कर मुझे भी पुण्य मिलेगा

मोदी बोले- वसुंधरा राजे का स्वागत कर मुझे भी पुण्य मिलेगा

अजमेर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए पीएम नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कायड विश्राम स्थली पर आयोजित विजय संकल्प रैली में हुंकार भरी। बीजेपी के वरिष्ठ नेता ओम माथुर ने राजस्थानी साफा पहनाकर मोदी का स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भीषण गर्मी में भी जुटे अपार जनसमूह, उमंग, उत्साह और उर्जा से भरपूर लोगों ने राजस्थान के उज्जवल भविष्य अभी से लिख दिया है। मोदी ने राजस्थानी भाषा में वीर सम्राट पृथ्वीराज चौहान, राज अजयमेरु, वीर तेजाजी, पुष्कर की पवित्र भूमि जहां ब्रहम स्वयं विराजे को नमन किया।

मोदी ने कहा कि मैं वहीं हूं जो कभी राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी के साथ संगठन का काम करता था। देश दुनिया के लिए भले ही मैं आज पीएम हूं पर पार्टी के लिए एक कार्यकर्ता हूं। बीजेपी का कार्यकर्ता के नाते पार्टी जब भी जो भी जिम्मेवारी देती है उसे जी जान से जुटकर पूरा करने का प्रयास करता हूं। आगे भी आप सब मिलकर जब भी आने को कहेंगे, यहां तक की छोटे से बूथ पर भी बुलाएंगे तो ये कार्यकर्ता हाजिर रहेगा।

मोदी ने कहा कि हमारे यहां एक परंपरा है, जब कोई दूर दराज या लंबी यात्रा करके आता है तो उसके परीचित, रिश्तेदार, जान पहचान वाले उसका स्वागत करने, उससे आशीर्वाद लेने आते हैं। मान्यता है कि यात्रा कर आने वाला पुण्य कमाकर आता है, हम उसके दर्शन कर आशीर्वाद लेते हैं तो उस पुण्य का कुछ हिस्सा हमारे भी काम आता है। प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे हजारों किलोमीटर लंबी गौरव यात्रा आज लंबी यात्रा कर राजस्थान के नागरिकों का दर्शन कर राजे जब यहां पधारीं हैं तो इस कार्यक्रम में आपकी तरह उनका स्वागत कर पुण्य पाने का मुुझे भी सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि कोई यात्रा सरल नहीं होती। विरोधी दलों के बिगडे बोल का साहस सामना करते हुए जनता के बीच अपने 5 साल के किए काम का हिसाब पेश किया।

मोदी ने कहा कि वसुंधरा राजे ने इतने कम समय में प्रदेश में किए गए काम की जो उपब्धियां बताई उसे सुनने के बाद तो मुझे लगता है कि यदि मैं यहां मतदाता होता तो बीजेपी की सरकार दुबारा बना देता। मोदी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने शासित राज्यों में किए गए काम का हिसाब जनता के बीच जाकर देती है। इस पार्टी की सरकारें जनता से मुंह नहीं छिपाती। हम सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की भावना से काम करते हैं। वोट बैंक की राजनीति नहीं करते।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि एक तरफ जहां वोट बैंक की राजनीति का खेल चल रहा है वहीं दूसरी तरफ हम सबका साथ सबका विकास के दायित्व वाले नए राजनीति का मार्ग पर चल रहे हैं। वोट बैंक की राजनति करने वाले कभी हिन्दू मुस्लिम, अगडे पिछडे का खेल, जाति बिरादरी, कभी शहर कभी गांव, कभी पुरुष कभी स्त्री, कभी अमीर तो कभी गरीब के बीच दरार डालने में लगे रहते है। वे लोगों को आपस में लडकार अपना उल्लू सीधा करते हैं। मोदी ने कहा कि तोडना सरल होता है लेकिन जोडने के लिए जिंदगी खपानी पडती है। हम समाज के हर तबके वर्ग को जोडना चाहते हैं। समाज का कोई तबका पीछे रह जाए यह हमें मंजूर नहीं। सबका साथ सबका विकास का मंत्र ही बीजेपी की असली ताकत है।

मोदी ने नाम लिएबगैर कहा कि वोट बैंक की राजनति सिर्फ चुनाव तक सीमित नहीं रहती। यह पूरी व्यवस्था को तबाह करने में लगी रहती है। इसके जरिए अफसर, बाबू, सरकारी कैडर तक को बांटा जा रहा है। इसी आधार पर तबादले किए जाते हैं। सरकारी महकमों को जातिगत रंग में रंग दिया जाता है। ब्यूरोकैसी सरकारी काम से दूर हो जाती है। इस कारण शासन व्यवस्था को दीमक लग जाती है। विकास के काम में भी भेदभाव होने से सर्वांगीण विकास नहीं होता। दुर्भाग्य है कांग्रेस ने 60 साल में इसी परंपरा को अपनाया। ऐसी राजनीति करने वालों को पहचानों।

मोदी ने कहा कि इस बार राजस्थान की जनता एक बार बीजेपी एक बार कांग्रेस की अपनी परंपरा को बदलकर अब हर बार हर बार बीजेपी को मौका देगी। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्य विरोधी दल के नेताओं की राजनीति तो एक परिवार की परिक्रमा करने से चल जाती है। उनके हाईकमान के नाम पर सिर्फ परिवार है, पर हमारी तो यह पूरी जनता है। जनता जान चुकी है कि एक परिवार का भला करने वाले जनता का भला कभी नहीं कर सकते।

मोदी ने कहा कि लोकतंत्र का भला इसमें है कि विरोधी जागरुक हो, जनहित में सरकार को सरकार को सजग करते रहें, जनता की भलाई के सुझाव दें। सत्ताधारी दल से तीव्र सकारात्क प्रतिस्पर्धा का भाव रखे। लेकिन यहां हालात उलट हैं, जो 60 साल सत्ता में विफल रहे वे आज विरोधी दल के रूप में भी असफल हो रहे हैं। विरोधी मेहनत नहीं करते इसलिए झूठ का सहारा लेने हैं। विकास पर बहस करने की बजाय बेहूदी बयानबाजी करते हैं।

इससे पहले वसुंधरा राजे ने कहा कि अमरीका जैसा देश आज भारत को सम्मान की दृष्टि से देख रहा है, विश्व के अन्य देश में भी पीएम मोदी ने देश के गौरव को बढाया है। पचास माह निकल गए, इतिहास का यह गोल्डन पीरियड रहा। जबकि 50 साल कांग्रेस को मिले उससे कई गुना ज्यादा काम भाजपा सरकारों ने किया।

प्रदेश में भी जनता की समस्याओं को सुना, निराकरण किया। किसान की आय दोगुनी करने के लिए प्रयासरत रहे हैं। 3 लाख किसानों को ऋणमाफी का फायदा मिला। फसल खराबे पर बीमा का किसानों को लाभ मिला। इससे किसान सशक्त हुए। बिजली की हालात को 40 हजार करोड रुपए खर्च कर सुधार किया। किसानों को पर्याप्त बिजली मिल रही है, अब उन्हें मुफ्त घरेलू बिजली की कोशिश की जा रही है।

केन्द्र सरकार की ओर से लागू की गई उज्जवला योजना के तहत प्रदेश की 40 लाख महिलाओं को लाभ मिला। जल संकट के स्थाई समाधान के लिए कवायद में बहुत हद तक सफलता मिली है। अजमेर में पानी को लेकर परेशान हैं, बीसलपुर बांध पर्याप्त नहीं बढा, अब चंबल का पानी लाने की योजना पर काम चल रहा है। इससे 13 जिले लाभान्वित होंगे। अजमेर को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। बीसलपुर बांध की उंचाई बढाने का प्रस्ताव लाया गया है।

पंचायत स्तर तक सडकों का जाल बिछ रहा है। हाल ही में पुष्कर स्थित ब्रहमा मंदिर के विकास का काम हाथ में लिया है। इसे भव्य रूप दिया जा रहा है। हमने प्रदेश में देवी देवताओं और महापुरुषों की विरासत के रूप में उनके पैनोरमा बनाने का काम किया।

भामाशाह योजना के जरिए महिला को मुखिया बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का काम किया गया। 12 साल की कम उम्र की बच्चियों के साथ रेप पर फांसी की सजा के प्रावधान का कानून पास किया। केन्द्र ने मंजूरी भी दी।

शिक्षा को महत्व दिया, 26वीं पायदान से दूसरी पायदान पर पहुंचाया। पांच साल में 7 मेडिकल कॉलेज खोले। स्कील डवलपमेंट के क्षेत्र में काम परवान चढ रहा है। इसे जरिए करीब 15 लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराया। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के जरिए 44 लाख लोगों ने लाभ उठाया। दस लाख तक का लोन मिला।

आर्थिक चुनौतियों के बावजूद विकास के काम नहीं रुकने दिए। इच्छा शक्ति के आगे पैसे का अभाव मायने नहीं रखता। कांग्रेस के नेता 4 साल तक गुम थे। दो चार माह से बयानबाजी कर रहे है। विधानसभा में नजर नहीं आए। किसी ने कोई मुद नहीं उठाया। चुनावी मौसम में आ गए। जहां जहां गौरव यात्रा गई वहां भरपूर समर्थन मिला।

दो माह से पेट्रोल डीजल में उतार चढाव हो रहा था। दाम को कट्रोल करने के लिए केन्द्र के साथ राज्य सरकार ने वैट घटाया। इससे साढे पांच रुपए प्रति लीटर दाम कम हुए। समृद्ध और सम्पन्न राजस्थान बनाने के लिए सभी को कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा। यहां 36 कौम को साथ लेकर इतिहास रचेंगे और फिर बीजेपी की सरकार बनेगी।

सभा को प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, युनूस खान, शिक्षामंत्री वासुदेव देवनानी, ओम माथुर, विजय गोयल, प्रकाश जावडेकर, सीआर चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, गुलाबचंद कटारिया ने भी संबोधित किया।

इससे पहले मोदी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे दिल्ली से रवाना होकर दोपहर बारह बजे जयपुर हवाई अड्डे पहुंचे। जयपुर में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। जयपुर से रवाना होकर वे ठीक एक बजे हेलीकॉप्टर के जरिए कायड़ विश्राम स्थल पर बने अस्थाई हैलीपैड पहुंचे।

Check Also

8 साल का बच्चा 2 घन्टे के लिए बन गया थानेदार, राजस्थान पुलिस ने पूरी की इच्छा

  जयपुर. थैलेसीमिया बीमारी से पीड़ित 8 साल के हिमांशु सैनी को जयपुर के गांधीनगर थाने …