Breaking News
Home / breaking / तांत्रिक ने 6 महिलाओं को फांसकर की शादी, फिर छोड़ा

तांत्रिक ने 6 महिलाओं को फांसकर की शादी, फिर छोड़ा

बरेली। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर का एक बहरूपिया इतना शातिर है कि अब तक एक-दो नहीं, बल्कि छह महिलाओं को धोखा देकर चार से शादी कर उन्हें छोड़ चुका है और अब एक महिला के साथ रह रहा है।

पीडित महिलाओं की फरियाद सुनने के बाद बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश पाण्डेय ने शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक को आरोपित तांत्रिक अनुज चेतन की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। तांत्रिक द्वारा शादी करने के बाद छोडी गई तीन महिलाओं ने पाण्डेय को आपबीती सुनाई तो वह भी हैरान रह गए।

पांडेय ने बताया कि तीन महिलाओं ने अनुज चेतन नाम के तांत्रिक की शिकायत की। उसके खिलाफ शाहजहांपुर में मुकदमा भी दर्ज है। महिलाओं का आरोप है कि वह कई शादियां कर चुका है। आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक को दिए हैं।

उन्होंने बताया कि उनसे शिकायत करने आई महिलाओं ने बताया कि शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही में संगम इंटर कॉलेज के पास रहने वाले अनुज चेतन सरस्वती ने उन्हें धोखा दिया है।

महिलाओं के मुताबिक, अनुज चेतन झांसा देकर पहले लड़कियों से शादी करता है और फिर नशीला पदार्थ देकर उन्हें देह व्यापार के धंधे में धकेल देता है। बताया कि अनुज ने सबसे पहले 2005 में मैनपुरी जिले के भोगांव क्षेत्र की रहने वाली युवती से शादी की थी। शादी के पांच साल बाद अनबन के चलते महिला अलग रहने लगी। उसके एक बेटा भी है।

पाण्डेय के अनुसार 2012 में अनुज ने बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र में रहने वाल एक युवती को बहला-फुसलाकर शादी कर ली। उसे भी कुछ दिन बाद छोड़ दिया। वर्ष 2014 में औरैया जिले के फफूंद इलाके की रहने वाली युवती को अपने जाल में फंसाकर अनुज ने शादी कर ली। उससे एक बेटा और एक बेटी है।

उसके बाद धोखेबाज तांत्रिक ने उसे भी दो-ढाई साल पहले छोड़ दिया। फिर उसने कानपुर जिले के दो अलग-अलग इलाकों में रहने वाली युवतियों से भी शादी कर ली। इनमें से कल्पना अभी अनुज के साथ ही रह रही है।

उन्होंने बताया कि उसने अपने छोटे भाई की पत्नी को 2016 में दिल्ली के कुछ लोगों को बेच दिया था, हालांकि, वह किसी तरह से उन लोगों के चंगुल से बच गई। इसके बाद उसने ही एक-एक कर सभी महिलाओं को पूरी जानकारी दी।

पता चला कि एक महिला यह सब जानती थी, लेकिन अनुज ने उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रखी थी। इसलिए डर के कारण वह कुछ नहीं बोलती थी। इसके बाद सभी न्याय पाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। डीआइजी ने महिलाओं की बात सुनकर शाहजहांपुर के एसपी से बात की। आरोपित अनुज चेतन सरस्वती को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

Check Also

 15 मई बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास, शुक्ल पक्ष, अष्टमी तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण मेष …