News NAZAR Hindi News

खेत में कर रहे थे काम, अचानक बाढ़ से घिरे पति-पत्नी

सेना की मदद से निकाले गए
झाँसी। जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घाट कोटरा के निकट धसान नदी में अचानक आई बाढ़ से एक दंपति खेत में फंस गया। जिला प्रशासन और सेना की मदद से शुक्रवार सुबह बाढ़ में फंसे इस दंपति को बाहर निकाल लिया गया है।

मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घाट कोटरा के पास से धसान नदी निकली है। तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक गुरुवार दोपहर पुत्तु अपनी पत्नी लच्छी के साथ खेत पर था। अचानक नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण पानी खेतों की ओर बढ़ने लगा और दंपति इसमें फंस गया।

ग्रामीणों की सूचना पर रात में पुलिस, प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सेना को मदद के लिए बुलाया गया। एसडीएम राजमुनि यादव के मुताबिक सूचना मिलते ही प्रशासन और सेना की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। शुक्रवार सुबह दोनों को बाहर निकाल लिया गया है।