Breaking News
Home / breaking / बस खाई में गिरी, आठ की मौत, 26 घायल

बस खाई में गिरी, आठ की मौत, 26 घायल

शिमला। हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन की एक बस के शुक्रवार को छाहीला में एक खाई में गिर जाने की दुर्घटना में तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें बस चालक शामिल था और 26 अन्य घायल हो गए।

शिमला के पुलिस अधीक्षक ओपी जामवाल ने बताया कि घायलों को ठियोग सिविल अस्पताल में ले जाया गया जहां से गंभीर घायलों को शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जामवाल ने बताया कि बस शिमला से टिक्कर के शरौंथा गांव जा रही थी और सुबह करीब साढ़े आठ बजे के करीब ठियोग में छाहीला के निकट 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा।

 

मृतकों की शिनाख्त बस चालक राजीव कुमार, बस यात्रियों सुनिल शर्मा, महिंदर चौहान, रोहानी, मूर्ति देवी, सत्या देवी, दूला राम और सुखदेव (सभी स्थानीय निवासी) के रूप में की गई है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

प्रशासन ने पंद्रह हजार रुपए की अंतरिम राहत के रूप में राशि मृतकों के परिजनों में वितरित कर दी है। स्थानीय विधायक रोहित ठाकुर आईजीएमसी में जाकर घायलों से मिले। राज्यपाल देवव्रत आचार्य और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने दुर्घटना को लेकर शोक जताया है।

राज्यपाल ने जारी शोक संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इसीके साथ जिला प्रशासन को मृतकों के परिवार को हर संभव सहायता मुहैया कराने और घायलों का श्रेष्ठ उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हिमाचल सड़क परिवहन निगम ने अपनी तरफ से मृतकों के परिवारों को दस हजार रुपए की राशि तात्कालिक सहायता के रूप में दी।

Check Also

8 साल का बच्चा 2 घन्टे के लिए बन गया थानेदार, राजस्थान पुलिस ने पूरी की इच्छा

  जयपुर. थैलेसीमिया बीमारी से पीड़ित 8 साल के हिमांशु सैनी को जयपुर के गांधीनगर थाने …