Breaking News
Home / breaking / घर से भागी किशोरी से रेप का आरोपी सिपाही 5 साल बाद अरेस्ट

घर से भागी किशोरी से रेप का आरोपी सिपाही 5 साल बाद अरेस्ट

गंगानगर। राजस्थान में गंगानगर जिले के सादुलशहर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के करीब पांच वर्ष पुराने मामले में आरोपी सिपाही को गिरफ्तार किया है।

थानाप्रभारी बलराज सिंह मान ने बताया कि चुरू जिले के राजगढ़ निवासी सिपाही तेजपाल नायक को गिरफ्तार करके पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मान ने बताया कि इस मामले के अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

मामले के अनुसार वर्ष 2013 में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमरावीं थाना क्षेत्र की सत्रह वर्षीय किशोरी किसी बात पर अपनी नानी से नाराज होकर घर से भागकर पंजाब के लुधियाना पहुंच गई, जहां एक महिला सपना देवी उसे झांसा देकर चुरू जिले के राजगढ़ में एक अन्य महिला सावित्री के घर ले आई जहां सिपाही तेजपाल नायक ने उससे रेप किया। बाद में सावित्री ने किशोरी का प्रहलाद जाट से कथित रूप से विवाह करवा दिया।

मौका मिलने पर किशोरी ने फोन पर अपने पिता को पूरा माजरा बता दिया। इस पर बिलासपुर के घुमरावी पुलिस ने राजगढ़ में प्रहलाद जाट और सपना देवी सहित तीन लोगाें को गिरफ्तार करके बिलासपुर न्यायालय में पेश किया, लेकिन न्यायालय ने क्षेत्राधिकार का हवाला देकर प्रकरण खारिज कर दिया। बाद में हिमाचल प्रदेश सरकार ने राजस्थान सरकार से इस मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध किया। तब वर्ष 2016 में सादुलशहर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई।

Check Also

थानेदार के नाम पर घूस लेते पुलिस कांस्टेबल अरेस्ट

डूंगरपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाने के पुलिस कांस्टेबल …