Breaking News
Home / breaking / नाबालिग प्रेमी जोड़े ने जन्मा बच्चा, बालिग होने पर रचाया ब्याह

नाबालिग प्रेमी जोड़े ने जन्मा बच्चा, बालिग होने पर रचाया ब्याह

भरतपुर। करीब तीन वर्ष पूर्व एक बच्ची की मां बनी नाबालिग लड़की ने बालिग होने के बाद उसी लड़के से विवाह कर लिया जो उसके बच्चे का पिता था। तीन साल पहले लड़का और लड़की दोनों नाबालिग थे, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। इसी दौरान लड़की गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी लड़की के परिजनों को मिली तो उन्होंने लड़के के खिलाफ पुलिस में अपहरण और बलात्कार का मामला दर्ज करा दिया। इस पर लड़के को जेल हो गई, उस समय लड़की 7 माह की गर्भवती थी।

तीन वर्ष पूर्व राजस्थान के भरतपुर जिले के घाटौली गांव निवासी लड़के सचिन जाटव की मुलाकात धौलपुर के कालोरी गांव की लड़की अनु से हुई। उस समय लड़की 15 साल की थी और लड़का 18 वर्ष का था। दोनों के बीच प्यार हो गया। घरवालों की नाराजगी को देखते हुए दोनों घर से भाग गए। दोनों करीब छह माह तक फरार रहे।

इसी बीच लड़की के पिता तोलाराम ने लड़के सचिन के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करवा दिया। इस रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों को यूपी के इटावा में पकड़ा। लड़के को जेल भेज दिया गया, जबकि लड़की को बालिका सुधार गृह में भेज दिया। उस समय लड़की 7 माह की गर्भवती थी, दो माह बाद उसने बच्ची को जन्म दिया। लड़की के परिजन उसे अपने साथ रखने को तैयार नहीं थे।

लड़की इसी वर्ष 16 अक्टूबर को बालिग हो गई, लड़का भी पौने दो साल जेल में रहकर जमानत पर बाहर आया। इस दौरान दोनो में प्यार बरकरार रहा और दोनों ने विवाह करने का फैसला किया। इसके लिए वे बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों के पास पहुंचे।

आर्य समाज में की शादी

धौलपुर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष बिजेन्द्र सिंह परमार ने बताया कि लड़की के ढाई वर्ष की एक बच्ची है। दोनों का बुधवार को आर्य समाज के माध्यम से विवाह करवा दिया गया। दोनों अब बालिग है,इसलिए विवाह में कोई अड़चन भी नहीं हो सकती, वे अपनी मर्जी से विवाह कर सकते हैं। इस विवाह में बाल कल्याण समिति धौलपुर एवं भरतपुर के पदाधिकारी बाराती एवं घराती बनकर शामिल हुए।

Check Also

 15 मई बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास, शुक्ल पक्ष, अष्टमी तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण मेष …