Breaking News
Home / breaking / बसन्त पंचमी पर धूमधाम से मनाएंगे सन्त नामदेव का ज्ञानोदय दिवस, यहां होंगे आयोजन

बसन्त पंचमी पर धूमधाम से मनाएंगे सन्त नामदेव का ज्ञानोदय दिवस, यहां होंगे आयोजन


न्यूज नजर डॉट कॉम

अजमेर। सन्त शिरोमणि नामदेव महाराज का ज्ञानोदय दिवस बसन्त पंचमी समारोह पूर्वक मनाने को लेकर देशभर में तैयारियां जोरों पर हैं। छीपा, दर्जी, रोहिल्ला, भावसार, शिम्पी, काकुस्थ समेत सभी अनुयायी घटक विभिन्न आयोजनों की तैयारी में जुटे हैं।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में श्री नामदेव समाज युवा संगठन की ओर से 28 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 6.30 बजे तक पुरानी बस्ती स्थित महामाया मन्दिर के सत्संग भवन में सन्त नामदेव का ज्ञानोदय दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान सन्त शिरोमणि की पूजा आरती, ग्रन्थियों द्वारा कीर्तन, डांस प्रतियोगिता, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता व पुरस्कार वितरण समारोह होगा। सुबह 11 बजे प्रसाद वितरण और दोपहर 2 बजे सामूहिक भोज होगा।

 

रेवदर (सिरोही) में श्री नामदेव सेवा समिति के तत्त्वावधान में 22 जनवरी को नामदेव ज्ञानोदय दिवस बसन्त पंचमी महोत्सव मनाया जाएगा। संरक्षक शांतिलाल धवली, अध्यक्ष दुर्गाराम परमार, उपाध्यक्ष पुखराज चौहान, सचिव राजूमल मकवाना व कोषाध्यक्ष टेकचंद मकवाना ने बताया कि जीरावल रोड, बीएसएनएल ऑफिस के पास इंदिरा कॉलोनी में समारोह होगा। इसके तहत 21 जनवरी को रात 9 बजे से भजन संध्या होगी। 22 जनवरी को सुबह 9 बजे से अल्पाहार, पूजा अर्चना, चढ़ावे, बहुमान, प्रतिभा सम्मान समारोह, शोभायात्रा व भोजन प्रसादी होगी। समारोह के मुख्य अतिथि देवाराम परिहार झोटडा होंगे। इस दौरान श्री मधुसूदन भगवान मन्दिर मूंगथला के सन्त देवेंद्र दास महाराज का सान्निध्य भी प्राप्त होगा।

 

श्री नामदेव क्षत्रिय सभा, सीकर के तत्त्वावधान में 22 जनवरी को बसन्त पंचमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सभा अध्यक्ष बसन्त कुमार झाकल व महामंत्री पन्नालाल कोकचा ने बताया कि महामंदिर रोड स्थित सन्त श्री नामदेव भवन से सुबह 10.15 बजे सन्त नामदेव की शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 1.15 बजे भोजन प्रसादी होगी।
आयोजन में सन्त श्री नामदेव चेरिटेबल ट्रस्ट, श्री नामदेव महिला मंडल, श्री नामदेव शिक्षा समिति व श्री नामदेव नवयुवक मंडल का भी सहयोग रहेगा।

दमन में श्री विट्ठल नामदेव राजस्थानी छीपा समाज की ओर से 22 जनवरी को वापी के नामदा स्थित रामदेवजी मन्दिर में बसन्त पंचमी महोत्सव मनाया जाएगा। अध्यक्ष बाबूलाल के.जड़िया, उपाध्यक्ष हंसराज एस. परमार, सचिव पारसमल एच.गेहलोत, कोषाध्यक्ष महावीर कुमार एल.सोलंकी और सह कोषाध्यक्ष दिलेश एस.गेहलोत ने बताया कि 21 जनवरी को रात 9.30 बजे से मध्यरात्रि तक भजन संध्या होगी। अगले दिन सुबह 8 बजे अल्पाहार, स्वागत, 10.30 बजे सन्त नामदेव जी की आरती, माल्यार्पण बोलियां होंगी। दोपहर 12.30 बजे सम्मान समारोह होगा। दोपहर 1.30 बजे भोजन प्रसादी के बाद समारोह का विसर्जन होगा।

 

पंच श्री नामदेव समाज समिति गोठ बड़ापाड़ा सवाई माधोपुर की ओर से दो दिवसीय बसन्त पंचमी महोत्सव मनाया जाएगा। पहले दिन 21 जनवरी को कल्याण जी मन्दिर में सुबह 10 बजे मेहंदी प्रतियोगिता व दोपहर 2 बजे रंगोली प्रतियोगिता होगी।
अगले दिन 22 जनवरी को दोपहर 1 बजे इसी मन्दिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 4 बजे रघुनाथ जी मन्दिर नीम चौकी में खेलकूद प्रतियोगिता होगी। शाम 7.30 बजे कल्याण जी मन्दिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण होगा।

पुणे में श्री नामदेव छीपा (शिम्पी) समाज राजस्थान 22 जनवरी को बसन्त पंचमी महोत्सव मनाएगा। समारोह सीरवी क्षत्रिय समाज (वढेर) विवेबाड़ी, कोंडवा रोड पर होगा।

आहोर (जालोर) में श्री नामदेव छीपा समाज सिलावटी-परगना पट्टी जालोर की ओर से बसन्त पंचमी एवं स्नेह मिलन समारोह 22 जनवरी को हनुमान कॉलोनी आहोर स्थित श्री नामदेव शिक्षण संस्थान एवं छात्रावास में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 21 जनवरी को शाम 7 बजे संस्था की नवीन कार्यकारिणी के चुनाव होंगे। रात 10 बजे संस्था विकास पर चर्चा होगी। अगले दिन 22 जनवरी को सुबह 9 बजे साधारण सभा की बैठक होगी। इसके बाद 9.30 बजे अतिथियों व भोजन लाभार्थी का सम्मान, 10 बजे प्रतिभा सम्मान, 11 बजे नवीन कार्यकारिणी का बहुमान, साढ़े 11 बजे चढ़ावे की बोलियां, दोपहर 12 बजे वार्षिक रिपोर्ट व आय व्यय का ब्यौरा, 12.10 बजे सामूहिक चर्चा, 12.30 बजे चढ़ावा लेने वालों का बहुमान और आरती होगी। दोपहर 1.30 बजे भोजन प्रसादी होगी। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक नवीन कार्यकारिणी की बैठक और समाज विकास पर चर्चा होगी।

मुम्बई में श्री राजस्थान नामदेव छीपा (शिम्पी) समाज के बैनरतले बसन्त पंचमी महोत्सव भायंदर पूर्व में न्यू गोल्डन नेस्ट रोड, सन्त नामदेव मार्ग स्थित समाज के भूखण्ड इंद्रलोक पर मनाया जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि मीरा-भायंदर पूर्व विधायक नरेंद्र मेहता होंगे। अध्यक्ष जसराज सोलंकी व सचिव भरत कुमार परिहार ने बताया कि आयोजन के तहत 21 जनवरी को शाम 4 बजे महिलाओं के भजन कीर्तन होंगे। शाम 7 बजे से भजन संध्या होगी। इसमें राजस्थान के कलाकार प्रस्तुति देंगे। भोजन प्रसादी भी होगी। अगले दिन 22 जनवरी को सुबह 8 बजे स्वागत और अल्पाहार के साथ आयोजन शुरू होगा। सन्त जी की पूजा अर्चना के बाद सुबह 9 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह होगा। इसके बाद चढ़ावा, पुष्पहार आदि धार्मिक कार्य होंगे। दोपहर में भोजन प्रसादी के बाद संस्था की साधारण सभा व नई कार्यकारिणी के चुनाव होंगे।

सूरत में श्री नामदेव छीपा समाज की ओर से आई माता रोड, डीआर वर्ल्ड के सामने स्थित पं.श्यामाप्रसाद मुखर्जी कम्यूनिटी हॉल में सन्त शिरोमणि का ज्ञानोदय दिवस मनाया जाएगा।
अध्यक्ष फूटरमल चौहान, सचिव सुरेश कुमार परमार व कोषाध्यक्ष शांतिलाल गहलोत ने बताया कि 21 जनवरी को शाम 5 बजे से 7.30 बजे तक भजन संध्या होगी। उसके बाद भोजन प्रसादी होगी। 22 जनवरी को सुबह 7.30 बजे से 9 बजे तक अल्पाहार, 9.15 बजे दीप प्रज्ज्वलन, 9.30 बजे चढ़ावा व स्वागत, 11 बजे नामदेव जी की आरती, 11.30 बजे शोभायात्रा, दोपहर 1 बजे प्रतिभावान छात्रों का सम्मान, 2 बजे महाप्रसादी, 3 बजे साधारण सभा व शाम 4.30 बजे समारोह का समापन होगा।

ह्यूमन प्रोटेक्शन वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन टीम हरियाणा के बैनरतले सन्त नामदेव ज्ञानोदय दिवस पर 21 जनवरी को सुबह 10 बजे ऐलनाबाद के जनता अस्पताल में मिलन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के राज्यमंत्री कृष्णा बेदी होंगे। राजू पंजाबी व विनोद छिम्पा विशेष रूप से आमंत्रित होंगे।

अजमेर में श्री लक्ष्मीकांत भगवान मन्दिर नामदेव छीपा गहलोत समाज सेवा समिति की ओर से पड़ाव स्थित सन्त कंवरराम धर्मशाला में 22 जनवरी को बसन्त पंचमी पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान बच्चों के संस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षिक प्रतिभाओ का सम्मान और सशुल्क सहभोज की व्यवस्था होगी।

 

कोटा में केशवपुरा पंचायत के तत्त्वावधान में 22 जनवरी को बसन्तोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। दोपहर 1.30 बजे संत श्री नामदेव आई.टी.आई. से कलश यात्रा निकाली जाएगी जो टीचर्स कालोनी, राम जानकी मंदिर व केशवपुरा सेक्टर-7 होते हुए वापस संत श्री नामदेव आई.टी.आई.पहुंचेगी।

 

यह भी पढ़ें

भीलवाड़ा नामदेव समाज धूमधाम से मनाएगा बसन्त पंचमी, सांगानेर में निकलेगी शोभायात्रा

 

Check Also

26 अप्रैल शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

  वैशाख मास, कृष्ण पक्ष, द्वितीया तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, …