Breaking News
Home / breaking / दो कारों की टक्कर में पांच की मौत, पांच अन्य घायल

दो कारों की टक्कर में पांच की मौत, पांच अन्य घायल

Demo pic

राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर के पास आज दो कारों की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। इस घटना के प्रभावितों में इंदौर जिले का एक परिवार और महाराष्ट्र के संत शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों में इंदौर जिला निवासी चार व्यक्ति और औरंगाबाद (महाराष्ट्र) निवासी एक संत शामिल हैं। घायलों में मुख्य रूप से संत शामिल हैं, जो औरंगाबाद जिले से लखनऊ जा रहे थे।

हादसा सारंगपुर के पास बायपास मार्ग पर सुबह उस समय हुआ जब इंदौर निवासी एक परिवार कार से कानपुर से वापस इंदौर लौट रहा था और उनका वाहन औरंगाबाद से लखनऊ जा रहे संतों की कार से टकरा गया। इस वजह से इंदौर निवासी शैलेष यादव, अमर यादव, सुशील यादव और एक महिला सिया की मौत हो गई। कार में सवार तेरह वर्षीय मोहित यादव गंभीर रूप से घायल हुआ है।

वहीं अन्य कार में सवार महंत सोमेश्वर गिरी महाराज, निवासी औरंगाबाद की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं महंत अनन्त गिरी महाराज, कैलाश चोपड़ा और सूर्य प्रकाश गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को सारंगपुर में प्राथमिक उपचार के बाद नजदीक पड़ने के कारण शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया है।

दोनों वाहनों में आमने सामने की भीषण टक्कर हुई। बताया गया है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क यातायात एक ही ओर चल रहा है। इस वजह से दोनों वाहन आमने सामने आ गए।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। चौहान ने घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था करने के लिए जिला प्रशासन से कहा है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी ईश्वर से की है।

Check Also

27 अप्रैल शनिवार को आपके भाग्य में यह होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास , कृष्ण पक्ष, तृतीया तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 08.18 …