Breaking News
Home / breaking / गांधीजी ‘टूटे-फूटे’ भारत के राष्ट्रपिता थे, मोदी नए भारत के -इंद्रेश

गांधीजी ‘टूटे-फूटे’ भारत के राष्ट्रपिता थे, मोदी नए भारत के -इंद्रेश

 

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार ने कहा है कि पाकिस्तान को अपने कब्जे वाले कश्मीर को भारत को सौंप देना चाहिए और भारत को चीन से अक्साईचिन वापस लेना चाहिए।

इंद्रेश कुमार ने ‘डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नेशनल अवार्ड्स फॉर आउटस्टैंडिंग पब्लिक लीडरशिप 2019’ समारोह को गुरुवार शाम संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के एक हिस्से पर पाकिस्तान ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है और उसे स्वयं यह हिस्सा भारत को सौंप देना चाहिए।

इसके अलावा चीन ने भी भारत के एक हिस्से पर कब्जा किया हुआ है और उससे अक्साईचिन भी वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैलास मानसरोवर हमारा था और हमारा है। इसे वापस लेना चाहिए। केवल यही रास्ता है जिस पर भारत को चलना होगा।

महात्मा गांधी को खंडित भारत के राष्ट्रपिता जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काे उभर रहे ‘नए भारत’ का राष्ट्रपिता बताते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि वर्ष 1947 में भारत स्वतंत्र हुआ। यह ‘टूटा फूटा’ भारत था और महात्मा गांधी खंडित भारत के राष्ट्रपिता थे। अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35 ‘ए’ हटाकर मोदी ने नया भारत बनाने का काम शुरू किया है। मोदी नए भारत के राष्ट्रपिता है।

गौरतलब है कि न्यूयार्क में दो दिन पहले मोदी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें ‘फादर आफ इंंडिया’ कहा था। इस पर कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुस्लिम मोर्चा के प्रमुख ने कहा कि वर्ष 1947 में आक्रमणकारियों के साथ संघर्षविराम की घोषणा करके पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश के साथ विश्वासघात किया था। इस पर उन्होंने मंत्रिमंडल तथा सेना प्रमुखों के साथ भी विचार विमर्श नहीं किया था। इसी कारण पाकिस्तान ने कश्मीर के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया था।

गैर सरकारी संगठन चाणक्य फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस समारोह में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्याेग मंत्री रामेश्वर तेली तथा कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

समारोह में तेलंगाना में तेलुगू देशम पार्टी के विधायक चल्ला धर्म रेड्डी को ‘सर्वश्रेष्ठ विधायक’ और पुड्डुचेरी के स्वास्थ्य मंत्री मलाडी कृष्णा राव को ‘सर्वश्रेष्ठ मंत्री’ के सम्मान से नवाजा गया। दोनों नेताओं को पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र, फलक और शॉल भेंट की गई।

Check Also

29 अप्रैल सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव, पढ़ें आज का राशिफल

वैशाख मास, कृष्ण पक्ष, पंचमी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2081, ग्रीष्म ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह …