Breaking News
Home / breaking / ‘गांधी परिवार के सैरसपाटे के लिए इस्तेमाल हुआ था नौसेना का युद्धपोत’

‘गांधी परिवार के सैरसपाटे के लिए इस्तेमाल हुआ था नौसेना का युद्धपोत’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर देश की सुरक्षा को दांव पर लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पद पर रहते हुए अपने परिवार एवं विदेशी रिश्तेदारों को सैर सपाटा कराने के लिए भारतीय नौसेना के महत्वपूर्ण युद्धपोत आईएनएस विराट का इस्तेमाल किया था।

मोदी ने यहां रामलीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता उन पर आरोप लगाते है कि वह सेना काे व्यक्तिगत जागीर समझते हैं लेकिन कांग्रेस के सबसे बड़े नामदार परिवार ने देश की आन बान शान भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विराट को टैक्सी की तरह इस्तेमाल किया था। गांधी प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए अपने पूरे परिवार एवं इटली के अपने ससुरालवालों के साथ दस दिन छुट्टियां मनाने निकले थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की समुद्री सीमा की रखवाली के लिए तैनात आईएनएस विराट काे गांधी के परिजनों को लाने के लिए एक समुद्री टापू पर भेजा गया था और यह पोत दस दिन तक एक द्वीप पर रुका रहा। उन्होंने सवाल किया कि क्या विदेशियों को देश के युद्धपोत पर ले जा कर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि द्वीप पर नामदार परिवार की छुट्टी मनाने की सारी सुख सुविधाएं सरकार एवं नौसेना ने जुटाईं थीं। नौसेना का एक विशेष हैलीकॉप्टर भी उनकी सेवा में लगा रहा है। प्रशासन उनके मनोरंजन का इंतजाम देख रहा था।

मोदी ने कहा कि जब एक परिवार ही सर्वोच्च हो जाता है तो देश की सुरक्षा ही दांव पर लग जाती है। उन्होंने कहा कि एक समय था कि दिल्ली में बम धमाके होते रहते थे और लोग खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। लेकिन पिछले पांच साल में उनकी सरकार ने मजबूत इच्छाशक्ति से पहले जो नामुमकिन लगता था, उसे मुमकिन बनाया है।

उन्होंने कहा कि 2009 एवं 2014 में देश में कांग्रेस की सरकार थी लेकिन लोकसभा चुनाव एवं आईपीएल मैच एकसाथ कराने में हाथपांव फूल जाते थे। अब स्थिति यह है कि लोग लोकतंत्र के महापर्व के साथ ही आईपीएल का आनंद उठा रहे हैं तथा पर्व त्योहारों के साथ खतरनाक चक्रवाती तूफान फोनी का भी डटकर मुकाबला कर रहे हैं। सारे काम साथ साथ हो रहे हैं। यह देश के सामर्थ्य का परिचायक है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादी मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया है।

मोदी ने कहा कि नया हिन्दुस्तान अपनी समस्या के लिए गिड़गिड़ाता नहीं है। आतंक का खतरा अभी टला नहीं है, पर नया हिन्दुस्तान अब घबराता नहीं है, आतंकवादियों को घर में घुस कर मारता है। नया हिन्दुस्तान किसी को छेड़ता नहीं है लेकिन जो छेड़ता है, उसे छोड़ता भी नहीं है।

Check Also

VIDEO : बारातियों की तरह बैंड-ढोल और लाइट उठाने वालों की भी खातिरदारी

आखातीज के अबूझ सावे पर अजमेर में एक शादी बनी मिसाल अजमेर। आखातीज जैसे अबूझ …